ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
जर्जर भवन से खतरा, 14 से घटकर मात्र छः रह गई है बच्चों की संख्या।
द्वाराहाट(अल्मोड़ा):विकासखंड के दूरस्थ राजकीय प्राथमिक विद्यालय जमीनीपार विभागीय हीलाहवाली व अनसुनी का उदाहरण है स्कूल भवन बहुत जर्जर है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में भवन के जीर्णोद्धार के कहा गया पर इस ओर किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया।
विद्यालय की जीर्ण-शीर्ण हालत के चलते अभिभावकों ने अपने पाल्यों को अन्य विद्यालयों में पढ़ाना शुरू कर दिया है। पिछले वर्ष तक इस विद्यालय में 14 बच्चे पढते थे जिनकी संख्या वर्तमान में घटकर मात्र छः रह गई है। स्कूल की छत के तख्ते-बल्लियां सड़ चुकी हैं और दीवारों पर भी दरारें पड़ चुकी हैं। विद्यालय की इस हालत को लेकर चिंतित विद्यालय प्रबंधन समिति ने विभाग और शासन प्रशासन से कई बार शिकायत कर दी है लेकिन किसी ने विद्यालय की सुध नहीं ली।
इस बात को लेकर क्षेत्रवासियों में काफी नाराजगी है। इधर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष त्रिलोक सिंह, जमीनीपार की प्रधान हेमा देवी, जमीनीवार के प्रधान प्रकाश राम व प्रधानाध्यापक तारा सिंह रौतेला ने उप खंड शिक्षाधिकारी को ज्ञापन भेजकर शीघ्र भवन की छत और दीवारों को ठीक करने की मांग की। इस स्कूल में दो गांवों जमीनीपार और जमीनीवार के आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित हैं। यह स्कूल विधानसभा व लोकसभा चुनावों का मतदेय स्थल भी है।








