लेखिका श्रीमती मधु वार्ष्णेय।
मौन योद्धा की समीक्षा ..!!!
आदरणीय सुधा गोयल दीदी जी की नव सद्द प्रकाशित पुस्तक ”मौन योद्धा ” उनके जन्म दिन के शुभ अवसर पर सुधा दी के कर कमलों द्वारा स्नेहिल प्रेमिल उपहार स्वरूप मुझे मिली।
इसमें 41 कहानियों का अद्भुत संग्रह किसी अनमोल खजाने से कम नहीं है।
लगभग हर कहानी सम्प्रेषणीय है पठनीय है,
सामाजिक ताने बाने में लिपटी जीवन के हर पहलू से जुड़ी है।
पढ़ते हुए सम सामयिक जीवन मूल्यों , परंपराओं की चुगली करती भी प्रतीत होती है। पलटवार करती हैं अंतर्मन को झकझोरती भी हैं।
अधिकार कर्तव्य और मानवीय दृष्टिकोण को समझने समझाने के क्रम में
नारी विमर्श के वितानों को सजाती एक नई सोच को आकार भी देती हैं।
____________
ऐसी ही एक कहानी है ”मौन योद्धा “
इस कहानी संग्रह की प्रथम कहानी।
एक स्त्री /पत्नी जो अपने पति को और उसके परिवार को, पति से जुड़े हर उस रिश्ते संबंध को जो पति से जुड़ा होता है उसे शिद्दत से समझदारी से निभाती है।बार-बार बस अपमान,बेरुखी, अनदेखापन और अनिश्चिततापन उसे अंदर तक तोड़ देता है।
बेशक वो तुम्हारे लिए व्रत उपवास रखेगी, मन्नत के धागे बांधेगी, तुम्हारी संतति को अपने खून से सींचकर बड़ा करते हुए उसे अपना अधिकार कर्तव्य समझेगी,
तुम्हारा समय, तुम्हारा स्नेह या तुम्हारी थोड़ी-सी भी परवाह चाहने के लिए हर वह प्रयत्न करेगी जिसे करने में उसका स्वाभिमान पल पल उसे धिक्कारेगा, वह फिर भी अनदेखा कर अपने संस्कारों परंपराओं की चादर को क्षीण नहीं होने देगी।
वो अपनी हर उस आदत को बदल और चाह को कुचल देगी ,
चकनाचूर कर देगी अपने सपनो को इस सीमा तक कि वह भूल ही जाएगी कि कभी उसकी आंखों ने भी सपने देखे थे कुछ ख्वाब सजाए थे।
खुद को इस कदर घुला देगी कि अपना अस्तित्व ही विस्मृत हो जाए, वजूद ही मिट जाए।
ईश्वर ने ये धैर्य की संपदा केवल स्त्री को ही प्रदान की है।
जब तुम बाहर हो तो वो शायद तुम्हारे मैसेज का जवाब भी देगी, वो शायद रात को तुम्हारे बगल में लेटी भी रहेगी, लेकिन उसकी आत्मा धीरे-धीरे तुमसे दूर होने लगेगी।
वो उस इंसान में अपना सब कुछ लुटा रही है जो उसकी मौजूदगी को अहम नहीं समझता।
एक समय ऐसा आता है जब
तो वो खुद को पीछे खींच लेती है।
न गुस्से से, न किसी ड्रामे से, बल्कि शांति से
और इस तरह की विदाई सबसे ज़्यादा असर करती है—क्योंकि पुरुष इसे देख नहीं पाते ।
एक दिन तुम नज़र उठाओगे और वो जा चुकी होगी। उसकी ऊर्जा, उसकी वफ़ादारी, उसका अपनापन—सब कुछ चला गया होगा। और तुम इसे सिर्फ़ ख़ामोशी में नहीं, उस प्यार की गैर-मौजूदगी में महसूस करोगे, जिसकी तुमने कभी कद्र नहीं की।
कदम कदम पर पुरुष दंभ को परिभाषित करती कहानी अमानवीयता की हदें पार करती है।
और विवश करती है सोचने के लिए… क्या नारी होना अभिशाप है।
इसलिए उस औरत से मत खेलो जो तुम्हें दिल से चाहती है। उसे ये मत महसूस कराओ कि उसे वो चीज़ें भी माँगनी पड़ रही हैं जो उसे बिना कहे मिल जानी चाहिए थीं। क्योंकि जब वो एक बार तय कर लेती है कि अब और नहीं—तो वो शांति में जो अलविदा कहती है, वो लौटकर कभी नहीं आती। एक स्त्री का यही रूप ”मौन योद्धा” कहलाता है।
बड़ी कुशलता से लेखिका ने विवाहोपरांत एक स्त्री की मार्मिक मनोदशा को पाठकों के सम्मुख प्रस्तुत किया है।
आपने एक स्त्री के जीवन की पीड़ा,दर्द, सधैर्यताऔर अंतर्द्वंद्व को बड़े साहस के साथ शब्द दिए हैं।
कहने में तनिक भी संकोच नहीं कि पूर्वाग्रहों को दरकिनार करते हुए ऐसा बेबाक लेखन बहुत कम लेखिका कर पाती हैं।
कम से कम भारतीय परिवेश में तो नहीं ही।
आदरणीय सुधा गोयल जी की बेबाक लेखनी को नमन वंदन है।
मैं हृदय से लेखिका आदरणीय सुधा गोयल जी को शुभ कामनाएं प्रेषित करती हूं। और आशा करती हूं कि वह अपनी लेखनी की गति को अनवरत रूप से जारी रखकर पाठकों को अपनी मेधा प्रभा से लाभान्वित करती रहें।
पुनः बधाई दी
मधु वार्ष्णेय,








