डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
पिता-माहात्म्य
पितृ भाव
जीवन-दाता जनक है, जैसे ब्रह्मा सृष्टि।
करे पिता-सम्मान जो, उसकी अनुपम दृष्टि।।
पिता देव के तुल्य है, इसका हो सम्मान।
पितु के ही अपमान से, घटे सदा कुल-शान।।
चाल-चलन,शिक्षा-हुनर, सब सुख जो संसार।
चाहे देना हर पिता, सह कर कष्ट अपार ।।
पिता रहे चाहे जहाँ, रखे बराबर ध्यान।
सुख-सुविधा परिवार का, होता स्रोत महान।।
पिता-पुत्र,पुत्री-पिता, जग संबंध अनूप।
राजा दशरथ राम का, जनक-जानकी भूप।।
कभी तिरस्कृत मत करें, वृद्ध पिता को लोग।
बड़े भाग्य जग पितु मिले, बने सुखद संयोग।।
यही सनातन रीति है, पितु है देव समान।
पितु के कंधे पर रहे, कुल का यश-उत्थान।।
पितृ-दिवस का है यही, बस उद्देश्य महान।
हर जन के हिय में बसे, पिता-भाव-सम्मान।।







