ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
हिसालू संस्था व पार्षदों ने नौलों के संरक्षण का लिया संकल्प।
अल्मोड़ाः पेयजल व्यवस्था का मुख्य साधन रहे जिले के परंपरागत नौलों की अनदेखी के कारण यहां के नौलों का पानी लुप्त होते जा रहा है।इन ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए पार्षदों व हिसालू संस्था ने कारगर पहल शुरू कर दी है।
लक्ष्मेश्वर स्थित नौले मेंं रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। पार्षद अमित शाह (मोनू) ने कहा कि हर सप्ताह नगर में स्थित नौलों की सफाई अभियान चलाया जाएगा और उन्हें संरक्षित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उचित देखभाल के अभाव में पानी के नौले विलुप्त होते जा रहे हैं। ये हमारी संस्कृति के रूप में धरोहर हैं, इसके संरक्षण के लिए युवाओं को आगे आकर काम करना होगा।
जब भी नगर में पेयजल संकट पैदा होता है तब लोगों को इन नौलों का ही सहारा लेना पड़ता है। पार्षद अभिषेक जोशी ने कहा कि इस अभियान के तहत नगर में स्थित बीस से अधिक नौलों को चिन्हित किया गया है।
इस अवसर पर वहां हिसालू संस्था के कृष्ण सिंह, सतीश उपाध्याय, उमेश नयाल, अतुल पाण्डे, भावेश पाण्डे आदि लोग मौजूद थे।









