ब्यूरो गोंडा वजीरगंजः सियाराम पाण्डेय।
गोंडाः विकास खंड वजीरगंज की ग्रामपंचायत बंधवा व चंदापुर में आयोजित जिलाधिकारी नेहा शर्मा की चौपाल में शिकायतों का अंबार लग गया। उन्होंने जिम्मेदारों को डपटते हुए तत्काल सुधार करने को कहा। जिलाधिकारी शुक्रवार दोपहर 12 बजे बंधवा के प्राथमिक विद्यालय स्थित चौपाल स्थल पहुँची। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पंकज सिंह ने उनकी अगुवानी की। जिलाधिकारी के जनता से रूबरू होते ही शिकायतों की बाढ़ सी आ गयी। चौपाल के दौरान एक दर्जन से अधिक चकमार्ग के अतिक्रमण, प्रधानमंत्री सड़क को क्षतिग्रस्त करने, गांव में बने शौचालयों के गड्ढे में ढक्कन न रखने व प्रधान जितेंद्र शर्मा के क्रियाकलाप सहित तमाम शिकायतों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई तथा जिम्मेदारों को तत्काल करवाई का निर्देश दिया। उन्होंने प्रधान के विरुद्ध समिति बना कर जांच का निर्देश दिया।नोडल अधिकारी प्रभारी बीडीओ चंद्रशेखर ने शिकायत पत्रों को जमा किया। चंदापुर की चौपाल में दो साल से क्षतिग्रस्त महोलिया की सड़क मरम्मत पर लोकनिर्माण विभाग द्वारा हीलाहवाली करने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। गांव के धर्मपुर गांव में बिजली की लाइन न बनने की शिकायत हुई जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए विभागीय अधिकारी को निर्देशित किया।यहाँ भी एक दर्जन से अधिक चकमार्गों की शिकायत मिलने पर राजस्व कर्मियों को फटकार लगायी। अनुभुला स्थित गौशाला के आसपास बेसहारा पशुओं के घूमने और फसलों को नुकसान पहुँचाने की शिकायत पर डीएम ने छुट्टा जानवरों को पकड़ कर गौशाला भेजने का निर्देश दिया। नोडल अधिकारी सीडीओ अंकिता जैन ने शिकायत पत्रों को जमा कराया। पूर्वमंत्री रामबहादुर सिंह व प्रधानप्रतिनिधि शिवा सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर अगुवानी की। चौपाल कार्यक्रम में एडीएम आलोक कुमार, डीडीओ सुशील श्रीवास्तव, डीपीआरओ लालजी दुबे, एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना, अधीक्षक डॉ आशुतोष शुक्ल, प्रभारी पशुचिकित्साधिकारी बीबी वर्मा, बीइओ हेमलता त्रिपाठी सहित तमाम अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।







