ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
आगामी श्रावणी मेले से पूर्व सारी तैयारियां पूरी कर लें अधिकारी : जिलाधिकारी।
अल्मोड़ाः जागेश्वर धाम में आगामी 16जुलाई 15अगस्त तक लगने वाले श्रावणी मेले की तैयारियां को लेकर जिलाधिकारी और जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार पांडे ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मेले के शुभारंभ से पहले सारी तैयारियां पूरी करने और इस दौरान मनमानी करने वाले टैक्सी चालकों तथा अराजकतत्वों के द्वारा किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को जिला सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मेले को भव्य बनाने, सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में लगने वाले फड़ों के आवंटन में पारदर्शिता बरती जानी आवश्यक है।
मेले के दौरान मंदिर परिसर में व आसपास में सफाई व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जाए। प्रर्याप्त मात्रा में मोबाइल टॉयलेट और कचरे का निस्तारण,कूड़ा उठाने के लिए वाहनों की समुचित व्यवस्था रहना आवश्यक है। जिला पंचायत के कार्मिकों को निर्धारित ड्रेस में रहने को कहा गया। बैठक में जलापूर्ति, बिजली की आपूर्ति तथा स्वास्थ व्यवस्थाओं की उचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि होटल, ढाबों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में सभी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस बैठक में मंदिर समिति के उपाध्यक्ष नवीन चन्द्र भट्ट, पुजारी प्रतिनिधि पंडित नवीन चन्द्र भट्ट, सीएमओ डॉ नवीन चन्द्र तिवारी, एसडीएम संजय कुमार, तहसीलदार,प्रबंधक बरखा जलाल,सीओ जीडी जोशी आदि मौजूद थे।







