डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
सजल
मात्रा-भार–31
समांत–आला
पदांत–तू
नहीं कटेगा पाप का संकट,भले जपो जा माला तू।
चंदन-तिलक लगा माथे पर,करते रहो घोटाला तू।।
काशी-मथुरा, मक्का-काबा,चाहे लगाओ चक्कर भी।
नहीं बचोगे प्यारे मेरे, भागो लगा घर ताला तू।।
हेरा-फेरी,कपट-छलावा, से तो बनता कभी न काम।
सुनो मीत,गरीब के मुख से,छीनो कभी न निवाला तू।।
मानव-पशु का अंतर समझो,तजना भौतिकवादी भाव।
मानवता का रक्षक बनकर,हो जा इसका रखवाला तू।।
करो कपाट बंद हिंसा का, नहीं विनाश शोभा देता।।
तोड़-फोड़ से लाभ न होता, बन जा स्नेह की शाला तू।।







