डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
विवेकानंद(दोहे)
चिंतक-साधक थे बड़े, संत विवेकानंद।
खोल दिए निज तेज से, चक्षु रहे जो बंद।।
आडम्बर-पाखंड का, खंडन किए विवेक।
रोक कुरीति समाज की, किए सुधार अनेक।।
जा अमरीका देश में, व्याख्यायित कर धर्म।
मानवता की सीख दे, श्रेष्ठ किया है कर्म।।
भारत के आदर्श का, व्यापक किया प्रसार।
अपनी संस्कृति का किया, यहाँ-वहाँ विस्तार।।
अल्प आयु में रुग्ण हो, देव-लोक प्रस्थान।
करके युवा नरेन्द्र ने, पाया अति सम्मान।।
युवा-दिवस के रूप में, इनकी कर जयकार।
माने इनको देश यह, युवा-शक्ति-आधार।।
युवा विवेकानंद का, सब करते सम्मान।
इनकी उत्तम सोच ही, है भारत की शान।।







