डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
तुलसी(दोहे)
तुलसी-जन्म-दिवस
‘रामचरितमानस’ सुनो, सकल ज्ञान का स्रोत।
शशि समान यह ग्रंथ है, और सभी खद्योत।।
वेद-शास्त्र-दर्शन सभी, कर्म-धर्म की बात।
बाबा तुलसी ने भरा, इसमें सबको ज्ञात।।
संत-शिरोमणि, कवि कुशल, और प्रखर विद्वान।
अक्षर-अक्षर मंत्र सम, है तुलसी पहचान ।।
नहीं हुआ,अब है नहीं, होगा नहीं महान।
तुलसी जैसा प्रखर कवि, जाने सकल जहान।।
राम-नाम का मंत्र दे, किया पाप निस्तार।
कलियुग का यह मंत्र शुचि, करता बेड़ा पार।।
धन्य मातु हुलसी रहीं, पितु जो आत्माराम।
इनके तन तुलसी हुए, नित-नित इन्हें प्रणाम।।
विपुल ज्ञान-लय-छंद के, ज्ञाता तुलसीदास।
अतुलनीय इनके सृजन, ज्ञान-प्रकाश-विभास।।
नमन अकथ कवि प्रवर को, तन-मन-हर्षोल्लास।
पढ़-पढ़ इनके काव्य को, मिलता सतत उजास।।







