✍️ डा. सीमा विजयवर्गीय, अलवर, राजस्थान।
ठंडी-ठंडी बौछारों के, साथ चलो हम भी खो जाएँ
झूम-झूम कर धूम मचाएँ, सावन के गीतों को गाएँ।।
रंग नहीं पिछले हम भूलें, साथ सखी हम मिलकर झूलें।
पुरवाई का हाथ पकड़कर, आज चलो अंबर को छू लें।
घेवर-फीणी-मीठा लेकर, कजली तीज सँवर कर आई।
सिंजारे ने भी बहनों के, घर में कैसी धूम मचाई।
सूने होते इस पनघट से, फिर भावों की गागर भर लें।
ख़ुशियों के पल जोड़-जोड़ कर, गागर में ही सागर भर लें।
त्योहारों पर हम मिलजुलकर, फिर ख़ुशियों के रंग सजाएँ।
झूम-झूम कर धूम मचाएँ, सावन के गीतों को गाएँ।।
हरियाली के इस मौसम में, धरती कैसे झूम रही है।
पत्ते-पत्ते को अब कितना, सावन की रुत चूम रही है।
झरनों की कल-कल मधु ध्वनियाँ, मन को कितना पास बुलातीं।
चंचल नदियाँ की धाराएँ, प्यासे मन को ख़ूब लुभातीं।
सतरंगी आभा से सज्जित, इंद्रधनुष के रंग निराले।
पर्वत की चोटी पर फिर से, नाच रहे हैं बादल काले।
कोयल छेड़ रही पंचम स्वर , हम भी मधुरिम ताल बजाएँ।
झूम-झूम कर धूम मचाएँ, सावन के गीतों को गाएँ।।
पूरे दिन ही काम-काम बस, वक़्त बहुत पाबन्द हो गया।
मन के अंदर बैठा जंगल, पहला-सा आनन्द खो गया।
खिंच जाता पूरा ही तनमन, घर दफ़्तर की रेल चलाकर।
छोटी-छोटी ख़ुशियों से फिर, रखते हैं मन को बहलाकर।
मन के इस सूने आँगन में, आज कहाँ पहला-सा सावन।
जीवन के कुछ कड़वे अनुभव छीन रहे सपने मनभावन।
छोड़ सभी पिछली यादों को, मेघा को आवाज़ लगाएँ
झूम-झूम कर धूम मचाएँ, सावन के गीतों को गाएँ।।







