डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
प्रेमचंद
उपन्यास सम्राट जी, हिंदी के आधार।
थी विपन्नता अर्थ की, पर थे ज्ञानागार।।
हिंदी-उर्दू पर उन्हें, था पूरा अधिकार।
धन्य लेखनी प्रेम की, दी भाषा को धार।।
उपन्यास द्वय प्रेम के, गबन और गोदान।
नई सोच की क्रांति सम, उत्तम सृजन महान।।
मजलूमों की लेखनी, कहे ग्राम की बात।
शोषित-दलित समाज की, है बुलंद सौग़ात।।
छुआछूत-पाखंड को, किया खंड ही खंड।
“धनिया”-“होरी”से कटा, ऐसा पाप प्रचंड।।
“हीरा-मोती”प्रेम के, करुणा-भाव-प्रतीक।
मानव-सोच-कपोल पर, झापड़ एक सटीक।।
प्रेमचंद को आज हम, सब मिल करें प्रणाम।
अक्षर-सेवी प्रेम जी, अदब-कला-गुण-धाम।।







