काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
विश्व वन रक्षक दिवस
वृक्षों की सेवा से मिलता, सदा प्राकृतिक भोग।
सुखमय जीवन जीता मानव, काया रहे निरोग।।
वन रक्षक का जीवन पावन, प्यार भरा संदेश।
वातावरण सुगंधित करता, प्रिय मधुरिम उपदेश।।
जंगल कभी न ढहने देना, हँसे हमेशा जीव।
पेड़ों से नित बात किया कर, हरी भरी यह नींव।।
भाग्य विधता वृक्ष हमेशा, रोको सदा कटान।
साथी इनको सदा समझना, वे भी प्रिय इंसान।।
जो तरुवर की रक्षा करता, वह है दिव्य महान।
जो देता नित जल इनको है, बनता वही सुजान।।
जंगल का है दृश्य मनोरम, वन शोभा की खान।
मन को शीतल करना है तो, मंजर को पहचान।।
वन संरक्षण जिसको मोहक, वही मनाता पर्व।
स्वामी बनता सहज स्वयं वह, उसपर सबको गर्व।।
वन की हरियाली उत्प्रेरक, मानस सदा निहाल।
ऊर्जा से हो ओतप्रोत उर, हर्षित हो चौपाल।।
काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
लेखनी
भावों में सरिता की धारा।
अति मनमोहक दिव्य विचारा।।
उर- हिम की गोदी से निकले।
सहज हृदय में नियमित पिघले।।
चले लेखनी बोले हर हर।
पुस्तक बन कर जाती घर घर।।
लेखक की यह भव्य कला है।
ईश्वर को सत्पात्र मिला है।।
लेख लेखनी लेखक कारक।
उत्तम भाव समुद्र विचारक।।
मंथन होता मधु भावों का।
दृश्य निराला शिव गांवो का।।
सत शिव सुंदर भाव अनोखा।
मनहर लेखन कभी न धोख।।
लेखन कला विराट अगाधा।
चले लेखनी बिन भय- वाधा।।







