प्रो. (डा.) मंजू वर्मा, रिटायर्ड प्रोफेसर, पंजाब विश्विद्यालय, चंडीगढ़
हमारे प्रेम का पहला आशियाना
मसूरी की हसीन वादियों में
राष्ट्रीय अकादमी के पिछवाड़े
टीन की छत से बना
हमारे प्रेम का
वो पहला आशियाना था!
फागुन की शीतल बयार
फलों से लदी डालियां
फूलों से महकती फिज़ाएँ
मानो कुदरत ने इत्र घोला हो
बारिश की बूंदों में
टप-टप की आवाज़ करती छत वाला
हमारे प्रेम का
वो पहला आशियाना था!
देवदार के घने पत्तों से छनकर
उषा की पहली किरण
खिड़की के रास्ते प्रवेश कर
जब तुम्हारे शिशु से अबोध चेहरे को छूती
तो सच मानो सौतन सी दिखाई पड़ती
प्रकृति की गोद में बसाया
हमारे प्रेम का
वो पहला आशियाना था!
झर-झर बहते झरने
कंकडीलों पर टपकता पानी
परिंदों की चहचहाट में
तुम्हारे सुरों का संगीत था…..
वादियों में गूंजती
तुम्हारे गीतों की प्रतिध्वनि में
इजहार-ए-इश्क़ से खुशनुमा रूहानियत से सराबोर
हमारे प्रेम का
वो पहला आशियाना था!
यह कविता मेरे काव्य संग्रह ” तुम अगर होते ” में संकलित की गई है







