डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
जय हिंद (दोहे)
सदा घोष जयहिंद का, भरे हृदय में जोश।
यही लगाए शत्रु के, सदा ठिकाने होश ।।
जय-जय-जय जयहिंद कह, सैनिक करें प्रहार।
इसके बल पर ही करें, रिपु-दल का संहार।।
प्रथम किए उद्घोष यह, श्री सुभाष मानिंद।
रहे विजय इस हिंद की, जय-जय-जय जयहिंद।।
हिंद देश का विश्व में, सबसे शुचि गणतंत्र।
जनता का अधिकार ही, रहे प्रभावी मंत्र।।
जय प्रतीक है हिंद का, विजय-घोष-ललकार।
इसको सुन अरि-दल भगे, ज्यों भुजंग-फुफकार।।
सर की शोभा ज्यों रहे, खिला हुआ अरविंद।
वैसे गौरव देश का, प्रबल घोष जयहिंद।।
शान तिरंगे की यही, यही हिंद-पहचान।
बोल-बोल जयहिंद ही, करें हिंद-सम्मान।।
शत-शत नमन सुभाष को, जिसका यह उद्घोष।
सुनते जिसको ही मिले, हर मन को संतोष।।







