प्रभारी सम्पादकः दिनेश सेमवाल (शास्त्री)
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में ‘स्वच्छोत्सव 2025’ का शुभारंभ।
ज्योतिर्मठः 17 सितंबर 2025ः राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में राष्ट्रीय सेवा योजना(युवा कल्याण विभाग) देहरादून के दिशानिर्देशों के क्रम में आज 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले ‘स्वच्छोत्सव अभियान 2025’ का विधिवत शुभारंभ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सत्यनारायण राव ने कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, अन्य विद्यार्थियों व शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई । इस अवसर पर अपने प्रेरक उद्बोधन में प्राचार्य ने कहा कि विकसित भारत का रास्ता स्वच्छ भारत से होकर जाता है इसलिए नए भारत के लिए स्वच्छता एक वचनबद्धता होनी चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि युवा पूरे मनोयोग से स्वच्छोत्सव 2025 के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करें। महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. धीरेंद्र सिंह ने कहा कि अगले 15 दिनों तक युवाओं को स्वच्छता के विचार से आप्लावित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।









