भोर: काव्य समीक्षा

Spread the love

                        ॐ गणेशाय नम:

समीक्षकः नीरा बिष्ट

अल्मोड़ा, उत्तराखंड।

 

 

 

                     भोर: काव्य समीक्षा

 

 

कला और साहित्य की इन्द्रधनुषी संसार में यदा कदा कुछ ऐसे कलाकार जन्म जाते हैं जो अपनी प्रतिभा के दम पर एक साथ कई क्षेत्रों में अपनी अमिट छाप छोड़ देते हैं। पत्रकारिता, साहित्य, लोक संगीत और रंगमंच की बहुरंगी दुनिया से जुड़े श्रद्धेय नवीन बिष्ट जी एक ऐसी ही बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्तित्व हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में तो वह अपने उत्तराखंड का एक स्थापित नाम हैं ही, साथ ही कुमाऊनी लोक नृत्यु, गायन, वाद्ययंत्र, रंगमंच, भाषा, संस्कृति व साहित्य में उनका ज्ञान और अनुभव बहुत विस्तृत और गहरा है।

पहाड़ों की नैसर्गिक आबो-हवा कलाकरों के फलने-फूलने के लिए हमेशा से बेहद मुफीद मानी जाती रही है। विशेषतः उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाले अल्मोड़ा का इस सन्दर्भ में बहुत सुनहरा इतिहास रहा है। छायावाद के मजबूत स्तम्भों में से एक कविवर सुमित्रा नंदन पंत, प्रख्यात लेखिका शिवानी, सुप्रसिद्ध कुमाँऊनी कवि शेर सिंह बिष्ट उर्फ़ शेर दा ‘अनपढ़’ और गिरीश तिवारी ‘गिर्दा’ जैसे न जाने कितने कलाकार इस मिट्टी ने देश को दिए हैं। उत्तराखंड की शस्य श्यामला धरती, श्वेत प्रहरी से सीना ताने खड़ी हिमालय पर्वत श्रंखला, अपने घर से फुदक कर निकलती छोटे-बढ़े पत्थरों के बीच अठखेलिया कर कूदती फांदती सफेद दूध सी नदी की धाराएं विदेशी जमीन पर भारत की पताका लहराने वाले पंडित उदयशंकर, पंडित रविशंकर, गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर सरीखे विश्वविख्यात कलाकारों की अमर रचनाओं की भी प्रेरणा बनी हैं।

आम पहाड़ी जन जीवन से लोक कला गीत संगीत नृत्यु रंगमंच के तार तो साल भर आने वाले त्योहारों, ऋतुओं, फसलों, जन्म मृत्यु, शादी ब्याह के समान धागे मे मोती की तरह गुंथे रहते हैं। पहाड़ का सीधा सरल जीवन ही अपने आप में एक उत्सव सरीखा है। हर शुभ अवसर के लिए शगुन आंखर हैं। खेतों मे रोपाई भी हुड़के की थाप पर नाचते गाते शुरू की जाती है। देश के बाकी हिस्सो के विपरीत होली की फाल्गुनी बयार पहाड़ों में बसंत पंचमी से ही बहने लगती है और अल्मोड़ा में शास्त्रीय संगीत के शौकीन नए पुराने होल्यार अपने हारमोनियम, तबलो, ढोलकों, तानपुरों के सुर ताल ठोक-पीट कर बैठाने लगते हैं और फिर जमती है घरों, मंदिरों, क्लबों में बैठकी होली की महफिले। ऐसे सुरीले सतरंगी माहौल में नवीन जी अछूते रह जाये, भला ये कैसे हो सकता है? कोई दो राय नहीं कि माँ सरस्वती ने अपने इस प्रिय पुत्र को मुक्त मन से आशीर्वाद दिया है। ऐसा मधुर और सधा कंठ है कि जब हुड़के को ताल देते हुए झोड़ा, चांचरी, न्यौली गाते हैं तो अहा रे! क्या सुर, क्या ताल, क्या आवाज। बस समां बंध जाता है। पूरा माहौल जीवंत हो जाता है। सुनने वालो के पांव खुद-ब-खुद थिरकने लगते हैं। साल दर साल छोटी बड़ी होली बैठकों में जलेबी की चासनी में डूबी खड़ी और कुमाऊनी बोलियों में किया गया उनका विशुद्ध शास्त्रीय और अर्धशास्त्रीय गायन खड़ी और बैठकी होलियों की रंगत में नए रंग भरता रहा है।

फिर जब असोज (आश्विन) के महीने से पहाड़ो में ठण्ड बैठने लगती है, गुनगुनी धुप बालपन के किसी पुराने बिछड़े दोस्त के अचानक वर्षो बाद मिलने सी भली लगने लगती है और सजने लगते हैं हर गली, बाजार, नुक्कड़ों और मुहल्लो के कोनो में अल्मोड़ा की प्रसिद्द रामलीलाओं के मंच, तो नवीन जी बच्चों जैसे नए उत्साह के साथ रामलीला की तालीम के लिए आज भी समय निकाल ही लेते हैं। अब तक न जाने रामलीला के कितने पात्र होंगे जिन में आप ने अपने जीवंत अभिनय से प्राण फूंके होंगे। इन सबके साथ ही साथ पत्रकारिता में आप की कर्म साधना निरंतर निर्बाध चलती रही है।

समझा जा सकता है कि अपने अनेकानेक दायित्वों और आजीविका सम्बन्धी व्यस्तताओं के कारण नवीन जी एकाग्रचित्त हो कर साहित्य साधना को अपेक्षाकृत अधिक समय तो नहीं दे पाए हैं किन्तु जब भी साहित्य की किसी भी विधा पर उनकी लेखनी चली है तो कल्पना के गहरे समंदर में डूबी किसी स्वप्निल सीपी में दबा कोई नायाब मोती ही साहित्य जगत को मिला है।
पूर्व में सर्वप्रथम ‘पछ्याण’ नामक कुमाँऊनी काव्य संकलन में उनकी दस कवितायें छपी थी। इसके पश्चात 2017 में गीत नाटिकाओं के एक संग्रह ‘बिरत्वाई’ नाम से उन्होंने प्रकाशित किया, इसमें पहाड़ी लोकगाथाओं पर आधारित चार गीत नाटक ‘बाला गोरिया’, ‘वैरागी कल्याण’, ‘नारद मोह’ और ‘राजुला – मालूशाह’ को स्थानीय कुमाँऊनी बोली में लिख कर आपने अपनी रचनात्मक प्रयोगधर्मिता का परिचय दिया। ये गीत नाटिकाएं विभिन्न मंचों में मंचित और पुरुस्कृत भी हो चुकी हैं। इसके साथ ही 2023 में श्रद्धालुओं के अनुरोध पर परम श्रद्धेय गुरु महाराज ब्रह्मानंद सरस्वती जी (मद्रासी/कालिया बाबा) पर भी एक संस्मरण संग्रह ‘ॐ नमो नारायण’ नाम से नवीन जी के प्रयासों से संकलित और प्रकाशित हुआ है। महाराज जी के भक्तों और परिचितों के यादों के उपवन से स्वामी जी के सानिध्य में गुजरी उन सब की मधुर स्मृतियों को बहुत सरल सुगम भाषा में रंग-बिरंगे फूलो की तरह बहुत संयम और नाज़ुकता से चुनकर एक संग्रहणीय संस्मरण संकलन का गुलदस्ता सा बनाकर नवीन जी ने श्रद्धालुओं को सप्रेम उपहार दे दिया है। वर्तमान काव्य संग्रह ‘भोर‘ बिष्ट जी की उपलब्धियों के आकाश में एक चाँद और जोड़ जाता है।
आम जनो की धारणा के विपरीत कवितायें महज तुकबंदी करते शब्दों का समूह मात्र नहीं होती है। हिंदी जगत के प्रसिद्द साहित्यकार जयशंकर प्रसाद जी कविता की महिमा और अहमियत बयान करते हुए लिखते हैं– ‘अंधकार को आलोक से, असत को सत से, जड़ को चेतन से और बाह्य जगत को अंतर्जगत से सम्बन्ध करती है, कविता ही ना!‘ लेबनानी-अमेरिकी कवि और लेखक खलील जिब्रान का इस विषय में कहना है कि कविता ‘आनंद, पीड़ा और आश्चर्य का मिश्रण है, जिस में शब्दकोष का भी थोड़ा सा अंश है।‘ हर कविता के पीछे सर्वप्रथम कवि की एक अमूर्त सी कल्पना होती है, एक ऐसा भाव होता है जो उसके मन को लिखने के लिए उद्वेलित कर देता है, उस कल्पना और भावों को कवि किसी सोच और विषय की सीमाओं में समेटता है। फिर तो जैसे अपनी उस खास सोच को प्रकट करने के लिए कवि मन से शब्द, ध्वनिया, सुर, ताल, लय स्वतःस्फूर्त फूटने लगते हैं। प्रख्यात अमेरिकन कवि रोबर्ट फ्रॉस्ट के शब्दो में- ‘कविता तब होती है जब एक भावना को उसका विचार मिल जाता है और उस विचार को शब्द मिल जाते हैं।‘ कोई कविता अपने पढ़ने या सुनने वालों के ह्रदय के तार झनझना पायेगी इसके लिए आवश्यक है कि कविता में भाव हो, प्राण हो, रस हो, प्रवाह हो। स्वयं नवीन बिष्ट जी इस काव्य संग्रह की प्रस्तावना में मानते हैं कि ‘जब तक कविता सदा नीरा सरिता की तरह प्रवाहित नहीं होगी, उसमे जीवन होगा, कहा नहीं जा सकता है।‘ कविता के लिए जरुरी है उसमें ‘प्रवाह, रीदम, रस हो गंध और दर्शन हो।’ अब किसी कविता में प्राण कैसे फूंके जाये, इस का तो कोई तय फार्मूला नहीं है। यह एक नैसर्गिक गुण है। ये न तो सीखा जा सकता है न सिखाया जा सकता है।
काव्य सृजन, जैसा की स्वयं काव्य संग्रह के प्रारम्भ में नवीन जी लिखते हैं कि एक ‘कठिन दुरूह यात्रा, प्रसव वेदना जैसा है।’ वास्तव में देखा जाये तो एक कालजयी कविता कवि की जन्मजात मौलिक प्रतिभा, अंतनिर्हित अनुशासन और सर्वांग समर्पण का विशुद्ध मिश्रण होती है। किसी भी प्रकार का सर्जन आसान नहीं है क्युकी सृजित करने का गुण तो परम पिता परमेश्वर का है। लगता है कि बस कभी-कभार खुश हो कर वह अपने कुछ चुनिंदा बच्चों के साथ अपने सृजनात्मक गुण का एक अंश साझा कर लेते हैं। इस काव्य संग्रह की एक कविता ‘अद्द्भुत रचना तेरी’ में कवि कहते हैं –
तीन लोक
चौदह भुवन
सूर्य-चंद्र
अग्नि-पवन ।
आदि-अंत
समय-चक्र
सृष्टि के सब उपवन ।
अद्द्भुत
रचना तेरी
देखे
हरि–फेरी ।
(अद्द्भुत रचना तेरी)

50 से कुछ अधिक कविताओं का यह काव्य संग्रह ‘भोर’ मानो कविता के नौ रसो का बहुरंगी इंद्रधनुष है। नवीन जी ने कमोबेश हर विषय, हर भाव, हर रस को अपनी कलम से छुआ है। मुख्य पृष्ठ पर छपी अपनी कविता ‘घोर तिमिर’ की पहली कुछ पंक्तियों के साथ ही वह अपने पाठको को बाँध लेते हैं-
भोर के उजास से, किरण-किरण की चाह से
घोर तिमिर मिट रहा है, भानु के प्रताप से।
चहक उठे खगो के स्वर, मचल उठे अलि के पर
कली कुमुद की खिल गयी भ्रमर प्रसन्न देख कर ।
(घोर तिमिर)

पहाड़ों की गोद मे प्रकृति की नैसर्गिक सह्चार्यता में पले-बढे नवीन जी का प्रकृति के प्रति अनुराग कोई आश्चर्य का विषय नही। काव्य संग्रह की कविताओ मे प्रकृति अपने हर रूप, रंग, ध्वनि, सुगंध और एहसास मे बिखरी फ़ैली हुई है।
वृक्षो में नव अंकुर उगे
पुष्पो ने आँचल भर दिए।
ऋतुराज के आगमन पर
खग मृग सभी चंचल हुए।
विहगो के कंठ मुखर हुए
कोयल ने मंगल स्वर दिए।
(कोयल ने मंगल स्वर दिए)

नव वर्ष-संवस्तर का स्वागत करती अनेकानेक कवितायें काव्य संग्रह में हैं, जिसमें नवीन जी घर के किसी सयाने बुजुर्ग की तरह अपने चिरपरिचित अंदाज में श्रोताओं को आशीष और शुभकामनायें देते से प्रतीत होते हैं-
नव संवस्तर मंगलमय हो,
सुख-समृद्धि का सूर्य उदय हो
स्नेह-नेह की अक्षत रोली,
हर मस्तक पर नित शोभित हो।
(नव मंगल)

होली, दीवाली, बसंत, बरखा- प्रत्येक पल, प्रत्येक उत्सव, प्रत्येक मौसम को कवि ने अलमस्त हो दिल से जिया है, तो भला फाल्गुन की रसिक बयार से कवि का कोमल ह्रदय कैसे बच पाता, बरबस कह उठता है-
बचा के रंग होली का छिपा के सब से लाया हूं
मेरे महबूब ने मुझको ये होली मे लगाया है।
(बचा के रंग होली का)
अधरो पर फागुन बौराये
चंचल अंखिया
पिय को खोजे अंक लगाने
हिय करता है।
(केसर बरसे)

नवीन जी ने पिछले कई दशक पत्रकारिता को दिए हैं और आज भी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। जाहिर है, वर्षो से भारतीय लोकतंत्र के बदलते रंगों, राजनीतिक गलियारों की साजिशों, नेताओं के नित नए बदलते मुखौटों को उन्होंने बहुत करीब से देखा है। उनके कवि मन में बसा रंज, खीझ और क्षोभ बहुत सी कविताओं में मुखर हो छलक पड़ता है और कम शब्दों में ही वह बहुत कुछ कह जाते हैं-
कैसा दुर्भाग्य है ये मेरे देश भारत का
कैसे राजनेता और कैसा लोकतंत्र है।
(कैसा लोकतंत्र है)

बेखौफ होकर बेपरवाह हो पूरी बेबाकी से वह सम्बोधित करते हैं-
वे
धृतराष्ट्र हैं
जो बैठे हैं
सत्ता के शीर्ष पर
ठौर ठौर पर बैठे हैं
सैकड़ों
मामा शकुनि, दुर्योधन
और दुस्शासन
(धृतराष्ट्र)

सत्ता और पैसों के मद में चूर, अपने राजनीतिक फायदे के लिए लोगों को धर्म और जाति के नाम पर लड़ा कर स्वयं को जन साधारण का भाग्य विधाता मान चुके इन नर पिशाचों के प्रति उनका गुस्सा फूटकर आज की राजनीति की सारी गन्दगी सतह पर ले आता है-
धर्म की हाट ले, फिर रहे हर डगर
ईश के नाम पर ढा रहे ये कहर
जाति की अग्नि को दे रहे हैं हवा
स्वार्थ की चाह मे लाश पर बैठ कर
आदमी ये नहीं, रौरवी हैं पिशाच
मानवी जिस्म को खा रहे हैं नोच कर
(छिन लो शीर्ष को)

इस झूठ, छल और भ्रष्टाचार के राजनीतिक दलदल से उद्वेलित हो कभी कभार अगर कोई अनुभवहीन नादान ईमानदार व्यक्ति विरोध करने का दुःसाहस कर देता है तो उसका क्या हश्र किया जाता है, इस की ओर इशारा करना भी नहीं चूकते नवीन जी-
हमने जब भी बात सच्चाई की खुल कर बोल दी
चल पढ़े षड्यंत्र और हम पर सितम होने लगा,
छद्म मिथ्या कूट का ही चक्र्व्यूह तुमने बुना
जब भी चाहा तोडना अभिमन्यु ही मरने लगा।
(अभिमन्यु ही मरने लगा)

किन्तु ऐसे नैराश्यपूर्ण माहौल में भी कवि हताश हो घुटने टेकने की बात नहीं करता बल्कि हर जन साधारण के अंदर छिपे योद्धा को ललकारता है। वीर रस से सराबोर उनकी कविता ‘युद्धभूमि’ की हर पंक्ति जैसे हुंकार भर रही है-
युद्ध भूमि मे वही मिटेगा
जो रत होगा रण के बीच
वो रण का भागी क्या होगा
जो मांगे जीवन की भीख
(युद्ध भूमि)

इतिहास गवाह है इस बात का कि जब भी किसी सरल निष्कपट इंसान को आहत प्रताड़ित किया गया है और अंत में थक हार कर उसने अगर अपना सब कुछ दांव पर लगा दृढ़ संकल्प ले किसी भी बात की परवाह किये बिना लड़ने की ठान ली, तो धूर्त षड्यन्त्रकारियों की सारी चाले धरी की धरी रह गयी है। खँडहर हुए राजमहल, वीरान पड़े अजेय किले, टूटी हुई विजय पताकाये, लुप्त हो गए राज घराने क्या हमें इतना भी नहीं सीखा पाए-
चाहे कर लो जितने छल तुम
मात नही दे पाओगे
एक वार पर धरा पड़ोगे
फिर क्या तुम उठ पाओगे।
(युद्ध भूमि)

कवि मन की बेबाकी ही है ये कि वह महाभारत के युद्ध में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा लिए गए कुछ विवादास्पद नीति विरुद्ध फैसलों के लिए उन्हें भी सवालों के कटघरे में घेरने से नहीं चूकते हैं। हे वासुदेव! धर्म विरुद्ध अगर ध्येय नहीं तो उस तक पहुंचने का मार्ग धर्मच्युत क्यों था भला? एक माहिर अनुभवी पत्रकार की तरह वो पार्थसारथी से जवाब तलब करते हैं-

शिखंडी की ओट लेकर भीष्म को क्यों हत किया था।
द्रोण का सूत लय हुआ है, असत क्यों तुमने जिया था
इन्द्र को याचक बना कर कर्ण से भी छल किया था
वास्ता लज़्ज़ा का देकर सुयोधन पथ च्युत किया था
धर्म क्यो विचलित था मग से, विवशता क्या थी तुम्हारी
प्रश्न मेरा ही नही है, पूछती रणभूमि सारी।
(हो गए हैं लोग बहरे)

मौजूदा वक्त में अपने आस पास हो रहे भौगोलिक परिवर्तन के प्रति भी आप पूर्णतः संवेदनशील है। पिछले कई दशकों से हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ रही भूस्खलन की घटनाओं, दरकते पहाड़ों, नदी के रौद्र अवतार, भूमि पर पड़ती दरारों ने न केवल पर्यावरणविदो अपितु पहाड़ निवासियों के माथे पर भी चिंता की गहरी लकीरे खींच दी हैं। ‘बिला रहा हिमाल’ में कवि ने नित गंभीर होती इस चिंता को भी स्वर दिए हैं-

इस विचलन में
उफान ने लगे हैं
गाड़-गधेरे
दरकने लगे हैं
बुग्याल।
बह रहे हैं सेरे
उधर रहे हैं घर ।
(बिला रहा हिमाल)

पहाड़ को घता दिए गए ‘अनियोजित विकास’ और ‘मानवी लालच’ नामी शम्शानियो को कोसते हुए वह कहते हैं-
वो कर रहा
अपनी मनमानी
दे रहा
गहरे जख्म
बह रही है
लहू की धार।
(बिला रहा हिमाल)

अब भी चेतने का समय है, संभल जाओ- कवि अंत में सबको आगाह करते हैं –

अब भी है बखत
चेतने का।
संभल सकते हैं
रड़ते-बहते सेरे-सिमार
बच सकती हैं
जमींदोज होती
बस्तिया।
हो सकती है
सज सम्भाल
रोका जा सकता है
काल
आ सकता है सुकाल ।
(बिला रहा हिमाल)

बिष्ट जी स्वामी विवेकानंद जी की तपस भूमि में जन्में हैं और गुरुदेव ब्रह्मानंद सरस्वती महाराज जी का स्नेहिल सान्निध्य भी उन्हें लम्बे समय तक मिला है। ऐसे में स्वाभाविक है कि उनके जीवन और कविताओं में अध्यात्म और भारतीय दर्शन का भी स्पष्ट प्रतिबिम्ब दृष्टिगोचर होता है। काव्य संग्रह ‘भोर‘ में ऐसी कई कवितायें शामिल हैं जिसमें कवि बहुत दार्शनिक अंदाज में मनुष्य जीवन का अंतिम शाश्वत मर्म ढूंढते नजर आते हैं। विशेषतः एक कविता ‘रक्त का मद’ इस सन्दर्भ में एक विचारणीय कविता है। यह कविता ओशो की ‘वासना: कुत्ता ओर हड्डी’ नामक अवधारणा से प्रेरित दिखती है। इस अवधारणा में ओशो मनुष्य की तुलना सुखी हड्डी चूसते वाले कुत्ते से करते हैं जो हड्डी को सुख का स्रोत समझ रहा है जबकि वास्तविकता में हड्डी उसके ही मसूढ़ों को लहूलुहान कर रही है। वह अपने मसूढ़ों से निकल रहे लहू को हड्डी का रस समझ कर खुश हो चूस रहा है। यह प्रतीकवाद दर्शाता है कि मनुष्य भौतिकवाद के मोह और वासना में फंसा हुआ दिग्भर्मित है। जिन सुखो का वह पीछा कर रहा है वे असल मे उसके जीवन के ही घाव हैं और वह भ्रमित हो कर अपने घावों से निकलने वाले रक्त को ही सुख मान उसे चूस कर खुश हो रहा है।
हड्डी के
टुकड़े-टुकड़े
और टुकड़े करता
हर टुकड़े मे
तुष्टि खोजता
बावला, भर्मित
कुत्ता
(रक्त का मद)

इसके अतिरिक्त काव्य संग्रह में ‘माँ‘ और ‘तू मत रोना’, मां की ममता और वात्सल्य और बच्चे के मां के प्रति नेह और विश्वास से रसी-पगी दो बेहद खूबसूरत मार्मिक कवितायें भी हैं। मां का प्रेम हर संतान पर एक ऐसा ऋण है जिस से वह कभी उऋण हो ही नही सकता है –
मैं लाऊंगी
नन्ही चिड़िया की पोथी
तू मत रोना
(तू मत रोना)

काव्य संग्रह के अंत में नवीन जी पहाड़ के किसी गांव में रह रही गरीब असहाय बचुली को याद करने के बहाने न जाने कितनी ही विवश और लाचार बचुलियों की सन्नाटे से निःशब्द वेदना और संताप को आवाज दे जाते है। वह बचुली जिसे गांव के कथित बाहुबलियों ने पागल घोषित कर दिया है, वह बचुली जिसकी दयनीय अवस्था का मज़ाक उडाता जर्दा युक्त बीड़ा मुँह में ठूंस कर गांव के ठेकेदार उत्मिया का बेटा अट्टहास कर उसका मजाक उड़ा रहा है और तिपुर में बैठी उत्मिया की पत्नी उसे कोस रही है। पर आज वर्षो तक अत्याचार झेलते झेलते सहने की सीमा खत्म हो गयी है बचुली की, रणचंडी की तरह दरांती हाथ में लहराती वो फुफकारती है-
रक्त के भूखो
अब रखना याद
नही बच पाओगे
चोट से हमारी
(बचुली पगली)

वास्तव में ‘भोर‘ में शामिल नवीन जी की कविताओं की विषयवस्तु का दायरा बेहद विविध और विस्तृत है और उनका प्रस्तुतीकरण उतना ही रोचक और प्रभावी। मुश्किल बातों को भी सुगमता और सादगी से बोल जाने की महारत तो उनमें है ही। कहीं भी भाषा क्लिष्ट और दुरूह नहीं होती। कोई भी भाव, विचार, शब्द, पंक्ति जबरदस्ती ठुंसी या बनावटी नहीं लगती है। ऊंचे पहाड़ में अपने जल स्रोत से निकलती श्वेत जलधार सी निश्छल, सहज, सरल भाषा कवि के भावों को नैसर्गिक रूप से धाराप्रवाह बहाती पाठको/ श्रोताओं के ह्रदय को भिगोती जाती है। मूलतः आम बोलचाल वाली हिंदी में लिखी कविताओं के साथ में जब कभी कुमाँऊनी बोली स्वाभाविक रूप से संगम मे मिल गयी नई जलधार की तरह एकाकार हो जाती है तो लगता है जैसे पहाड़ी मन को छपछपी सी लग जाती है। कविता की खूबसूरती दुगुनी हो जाती है। उसकी आत्मीयता और ग्राह्यता बढ़ जाती है। एक कविता का अंश देखिये-
यहां वहां शिवाल से, माँ भगवती के थान से
श्री गोल्ल के चौघाण से, डानो-कानो देवाल से।
(घोर तिमिर)

कई मौको में उर्दू के शब्द भी दूध में बतासे की तरह घुले हैं। विशेषतः दो गजलें ‘ऐतबार मत करना’ और ‘उड़िये न फजाओ में’ के द्वारा नवीन जी उर्दू भाषा में भी अपनी पकड़ जता गए हैं –
ये तो जल्लाद हैं, जालिम हैं बे-मुरव्वत भी हैं नवीन,
ऐसे लोगो पे कभी ऐतबार मत करना।
(ऐतबार मत करना)
आये भी नहीं आप तो जाने लगे हुज़ूर
एक पल सकूं से बैठिये कुछ सुन के जाइये
हम को तो जाने कब से थी दीदारे जुस्तजू
हम पर करम फरमाइए पहलू में आइये।
(उड़िये न फजाओ में)

                   ‘भोर’ में संकलित कविताओं की एक अन्य विशेष बात है उनमें दृश्यात्मक गुण और कुदरती लय और तालबद्धता का होना। इसका श्रेय नवीन जी की अद्भुत शिल्प कौशलता को दिया जाना चाहिए कि विषयवस्तु चाहे कुछ भी हो कविता उसका जीवंत चित्रण करती है। प्रत्येक शब्द जैसे सजीव हो पाठको/श्रोताओं के समक्ष मूर्त रूप लेता जाता है।
हिमाल के शिखर में यो गुलाल सा बिखर गया
कि गौरा जी की मांग मे सिंदूर जैसे भर गया।
(घोर तिमिर)
बर्फ
झरती है आँगन मेरे
चल कर आता है
सूरज
हिमशिखरों की
अनगिनत चोटियों से
नित खेलता हूँ
आँगन मे सूरज से।
(सोता हूँ चंदा की बांहों में)

नवीन जी नैसर्गिक रूप से जन्मजात संगीत के जानकर और स्थापित गायक भी हैं तो भला कविताये रूखी कैसे लिख सकते हैं? प्रत्येक कविता में विषय और भावानुसार स्वाभाविक रूप से लय, छंद, सुर, ताल ऐसे घुले हैं जैसे फूलों में सुगंध घुली रहती है। पढ़ते ही गुनगुनाने का मन करता है। समस्त इन्द्रियाँ सहज रूप से स्वतः स्फूर्त जाग्रत हो जाती हैं। एक बानगी देखिये–
घड़ियाल गुनगुना उठे, हैं टुनटुनाती घंटिया
शंखनाद हो रहा, जली कपूर बातिया।
धुप दीप गंध से, ललाट रोली चंद से
हो रही हैं आरती, माँ दिय शब्द छंद से।
(घोर तिमिर)
 

             ‘भोर’ बेहद रोचक, पठनीय और संग्रहणीय एक ऐसा काव्य संग्रह है जो कवि के रूप में नवीन बिष्ट जी की रचनात्मक उपस्थिति का बोध पूरी ठसक के साथ करा जाता है। कवि ने मानव जीवन का हर एक रंग रूप और हर एक पहलू उसकी पूरी खूबसूरती और कुरूपता के साथ पूरी ईमानदारी से उकेरा है। पूरे काव्य संग्रह में सरसता, लयात्मकता और सजीवता का अनूठा मेल है। गहन चिंतन भी है और प्रवाह भी, रस भी है और प्राण भी, लय भी है और ताल भी।

                नवीन बिष्ट जी को उनकी रचना यात्रा के लिए बधाई देते हुए उम्मीद करते हैं कि उनकी सृजनशीलता आगे भी साहित्य जगत के कोष को संपन्न और समृद्ध करती रहेगी। – नीरा बिष्ट

  • Related Posts

    राष्ट्रीय कुमाऊनी भाषा सम्मेलन आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को नगर स्थित होटल शिखर में आयोजित की गई। बैठक में आगामी सम्मेलन के सफल आयोजन और रूपरेखा को लेकर गहन चर्चा की गई। इस दौरान न्यास के विभिन्न सदस्यों को आयोजन से जुड़ी अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

    Spread the love

    Spread the love  मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट                      (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)                    …

    गोवर्धन पर्व पर गोसदन ज्योली में गोसंवर्धन यज्ञ सम्पन्न, श्रद्धालुओं ने किया गोपूजन और गौसेवा।

    Spread the love

    Spread the love  मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट                      (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)                    …

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    वरिष्ठ कवि मदन श्रीवास्तव जी का 75 वां जन्मदिन मनाया गया

    • By User
    • November 10, 2026
    • 13 views
    वरिष्ठ कवि मदन श्रीवास्तव जी का 75 वां जन्मदिन मनाया गया

    दीपावली पर मिठाई नहीं, सेहत का उपहार! डॉ. तेजेन्द्र साहू ने 5 टीबी मरीजों को भेंट की फूड बास्केट।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 10 views
    दीपावली पर मिठाई नहीं, सेहत का उपहार! डॉ. तेजेन्द्र साहू ने 5 टीबी मरीजों को भेंट की फूड बास्केट।

    चिकित्सा जगत से जुड़ी हुई एवं अन्य विशिष्ट विभूतियों का सम्मान ही धनवंतरी भगवान की पूजा है-   डॉक्टर राजेन्द्र गदिया।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 11 views
    चिकित्सा जगत से जुड़ी हुई एवं अन्य विशिष्ट विभूतियों का सम्मान ही धनवंतरी भगवान की पूजा है-   डॉक्टर राजेन्द्र गदिया।

    गोवर्धन पूजा पर उमड़ा श्रद्धा और आस्था का सैलाब, मंदिरों में लगा 56 भोग।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 14 views
    गोवर्धन पूजा पर उमड़ा श्रद्धा और आस्था का सैलाब, मंदिरों में लगा 56 भोग।

    जख्मों के भरते तक शांत रहिए

    • By User
    • November 10, 2026
    • 11 views
    जख्मों के भरते तक शांत रहिए

    सियासत, सत्ता मद और सुरा-सुंदरी का गठजोड़

    • By User
    • November 10, 2026
    • 8 views
    सियासत, सत्ता मद और सुरा-सुंदरी का गठजोड़