ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
“राम ज्योति आंदोलन-सम्मान समारोह” में 35वर्ष पूर्व ऐतिहासिक आंदोलन के वीरों को किया गया सम्मानित।
अल्मोड़ाः पैंतीस वर्ष पूर्व हुए ऐतिहासिक राम ज्योति आंदोलन की आज पैंतीसवीं वर्षगांठ के अवसर पर धर्म जागरण समन्वय (कुमाऊं संभाग) द्वारा एक स्थानीय होटल में “राम ज्योति आंदोलन-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर महापौर अजय वर्मा ने की तथा कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर आराधना शुक्ला ने किया।
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। समारोह में 1990 के राम ज्योति आंदोलन में जेल गए तथा आंदोलन के दौरान योगदान देने वाले वीर रामसेवकों को एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।साथ ही आंदोलन के दौरान शहीद एवं दिवंगत हुए कार्यकर्ताओं को श्रृद्धा सुमन अर्पित किए गए, जिनमें प्रमुख पूर्व पर्वतीय विकास मंत्री पूरन शर्मा, पूर्व विधायक गोविंद सिंह बिष्ट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रवींद्र पंत, दीनानाथ शाह, मेघश्याम बोरा, हेम चन्द्र शाह, जगदीश सनवाल, नन्दन सिंह कपकोटी, दीवान सिंह नगरकोटी व विनोद वर्मा शामिल थे।
इस समारोह में जिन्हें सम्मानित किया गया उनमें-मनोज रावत, जितेंद्र बिष्ट, बंटी बिष्ट, विपिन भट्ट, विजया पंत, खीम सिंह बोरा, संदीप श्रीवास्तव, हर्षवर्धन शाह, सूरज सिराड़ी, कपिल मल्होत्रा, हेमंत रावत, शंकर देवड़ी, दीपक वर्मा, लता बोहरा, निर्मला जोशी, राधिका जोशी, मनोज वर्मा सहित तमाम आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राम जन्मभूमि आन्दोलन से संबंधित ऐतिहासिक चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें कार सेवकों के साहस, त्याग और बलिदान को प्रर्दशित किया गया।
इस कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व बजरंग दल विभाग संयोजक राजीव गुरुरानी ने बताया कि 13 अक्टूबर 1990 को अल्मोड़ा में निकली राम ज्योति यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा गोली चलाई गई थी, जो आजादी के बाद पहली घटना थी। उन्होंने कहा कि उस दिन अल्मोड़ा के युवाओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी आस्था की ज्योति को बुझने नहीं दिया। यह आंदोलन भक्ति, साहस और राष्ट्र समर्पण की मिसाल बन गया।
केन्द्रीय मंत्री अजय टम्टा ने अपने संबोधन में कहा कि सोमनाथ से अयोध्या तक की यात्रा का यह अध्याय अल्मोड़ा की धरती पर इतिहास बन गया। राम ज्योति यात्रा को रोकने के प्रयास में कारसेवकों पर गोलियां चलाई गईं, लेकिन उनकी भक्ति और साहस ने नया युग प्रारंभ किया।
विधायक बंशीधर भगत ने अपने संबोधन में कहा कि राम मंदिर निर्माण हो चुका है, अब राष्ट्र निर्माण की बारी है। परिवार और समाज में हिंदुत्व की रक्षा के लिए जनसंख्या संतुलन एवं पारिवारिक संस्कारों पर गंभीरता से विचार करना आवश्यक है।
पूर्व सांसद बलराम पासी ने कहा कि राम ज्योति निर्माण केवल आस्था का विषय नहीं बल्कि आत्मगौरव का प्रतीक है। इतिहास से सीख लेकर हमें आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रवाद, धर्म और परिवार मूल्यों से जोड़ना होगा।
इस अवसर पर वहां केन्द्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक बंशीधर भगत, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, हल्द्वानी के पूर्व मेयर योगेन्द्र रौतेला, ललित लटवाल, रमेश बहुगुणा, प्रकाश पंत, रवि रौतेला, धर्मेंद्र बिष्ट कैलाश गुरुरानी, प्रकाश भट्ट, देवेन्द्र भट्ट, दर्शन रावत, हरीश कनवाल, गोविंद पिल्खवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।









