डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ.प्र.)
दीपपर्व-दीवाली
दीये जलाकर करो घर को रौशन,
मग़र दिल को रौशन है करना जरूरी।
मुबारक़ हो सबको पवित्र पर्व दीपक-
ईश्वर करे सबकी इच्छा हो पूरी।।
ईश्वर करे सबकी…………।।
यह पर्व दीपक का होता निराला,
तम को भगा कर यह देता उजाला।
इस पर्व से ले सबक हम भी सीखें-
न रह जाए चाहत किसी की अधूरी।।
ईश्वर करे सबकी…………।।
जलते दीये लगते जगमग सितारे,
गगन जैसे निज छवि धरा पे उतारे।
झटपट अमावस पहन वस्त्र नूतन-
हो गई जैसे रजनी वह पूनम कर्पूरी।।
ईश्वर करे सबकी…………..।।
कहीं पे पटाखे, कहीं फुलझड़ी है,
दीवाली तो खुशियों की अनुपम घड़ी है।
उछल-कूद करता हर बचपन-बुढ़ापा-
गले मिल जवानी सँग रक्खे न दूरी।।
ईश्वर करे सबकी……………..।।
दीवाली तो आती है,आती रहेगी,
विजय का महोत्सव मनाती रहेगी।
करके उजाला अवनि से गगन तक-
धरा-धाम की छवि करेगी वह नूरी।।
ईश्वर करे सबकी………………।।
चलो,हम सभी मिल के कर दें उजाला,
जहाँ मुफ़लिसी ने अँधेरा कर डाला।
उन अधरों पे मुस्कान लाना हो मक़सद-
अहा! छिन गयी जिनकी आभा सिंदूरी।।
ईश्वर करे सबकी इच्छा हो पूरी।।







