विरेन्द्र जैन माहिर
वड़ोदरा गुजरात
लोकतंत्र की जान – मतदान
लोकतंत्र के अलौकिक पर्व की अखंड ज्योति है मतदान,
लोकतंत्र के यज्ञ अनुष्ठान की पवित्र आहूति है मतदान,
लोकतंत्र सुशोभित होता जनता की भागीदारी से,
जन जन के मंतव्य की सशक्त अभिव्यक्ति है मतदान!
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
पूर्वजों ने प्राण गंवाकर देश को दिलाई जब आज़ादी,
लोकतंत्र को स्थापित कर अपनी भूमिका निभा दी,
प्रत्येक भारतवासी का देश के प्रति कर्तव्य है मतदान,
भविष्य का निर्धारण करती इसके माध्यम से आबादी!
लोकतांत्रिक परंपरा में हर मत की कीमत बहुमूल्य है,
व्यर्थ हुआ जो एक भी मत स्व अधिकारों का अवमूल्य है,
जागरूकता घर घर में हो हर वृद्ध वयस्क जागृत रहे,
शत प्रतिशत मतदान हो देश में यह रिकॉर्ड अतुल्य है!
युवा अपना प्रथम कर्तव्य समझ करें पहला मतदान,
सुबह सवेरे घर से निकलें मतदान करें अपना फ़र्ज़ मान,
मतदाता सूची में देखें नाम मतदान केंद्र की जानकारी लें,
पहचान पत्र दिखा मतदान करें उंगली पर लगे निशान !
निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरश: पालन करें सभी,
निर्भय औ निस्वार्थ रूप हो मतदान बने सार्थक तभी
अवकाश मिला इस दिन पर मनोरंजन उद्देश्य ना हो,
सबसे बड़े लोकतंत्र की विश्व में फैले सुगंधित सुरभि !
जात पात औ धर्म से ऊपर उठकर अब मतदान करना है,
दबे कुचले नागरिकों को अब हर इतिहास बदलना है,
भ्रष्टाचार अपराध और हर झूठ का जवाब मत से दो,
गौरव है मतदान, समय है इक जन नायक को उभरना है!!







