ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
मुक्तेश्वर में विशेषज्ञों ने वन हेल्थ, वैक्सीन नवाचार और जीनोमिक्स पर साझा किए नवाचारपूर्ण विचार।
मुक्तेश्वर (नैनीताल): भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान मुक्तेश्वर में आयोजित भारतीय पशु प्रतिरक्षा एवं जैव प्रौद्योगिकी सोसायटी के वार्षिक अधिवेशन के दूसरे दिन वैज्ञानिक सत्रों में देश भर के वैज्ञानिकों ने पशु स्वास्थ्य,रोग नियंत्रण, वैक्सीन नवाचार तथा विकसित भारत के लक्ष्य के संदर्भ में अपने विचार प्रस्तुत किए।
दूसरे दिन हुए वैज्ञानिक सत्रों की जानकारी देते हुए संयुक्त निदेशक डॉ. यशपाल मलिक ने बताया कि डॉ. एम सी शर्मा पूर्व निदेशक आईवीआरआई एवं शोध निदेशक तथा आसाम कृषि विश्वविद्यालय डॉ. पीण बोरा का अध्यक्षता में विभिन्न वैज्ञानिक सत्र में आयोजित किए गए जिनमें टीकों तथा निदान व चिकित्सा विज्ञान में ओमिस और नवाचार विषयक सत्र में डॉ. गया प्रसाद पूर्व अपर महानिदेशक पशु विज्ञान आईसीएआर ने बताया कि आधुनिक खाद्य प्रणालियां किस प्रकार पशु वायरसों के प्रजातीय संक्रमण की संभावनाओं को बढ़ा रही है।
इसके पश्चात डॉ. आर पी सिंह निदेशक आईसीएआर राष्ट्रीय मुख एवं खुर रोग संस्थान भुवनेश्वर ने सीमा-पार पशु रोगों की स्थिति और विकसित भारत से उसकी प्रासंगिकता पर व्याख्यान दिया। अन्य वक्ताओं में डॉ मीनाक्षी प्रसाद, डॉ. रविकांत अग्रवाल और डॉ. एसन मनोहर ने टीकाकरण, रोग, निदान और बायोटेक्नोलॉजिकल नवाचारों पर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के आयोजन सचिव डॉ. कर्म चन्द्र नेगी एवं डॉ. अमित कुमार ने बताया कि अधिवेशन के अंतर्गत आईएसवीआईवी पुरस्कार सत्र में उत्कृष्ट शोध कार्य प्रस्तुत करने वाले वैज्ञानिकों को मंच प्रदान किया गया। दिन का समापन सांस्कृतिक संध्या के आयोजन से हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने संस्थान की परंपरा का आनंद लिया।








