डॉ. हरि नाथ मिश्र,अयोध्या, उ.प्र.।
अनमोल संदेश
प्रेम-सिंधु में ले लें डुबकी,
जीवन सबका सुधरेगा।
ले सुगंध इस प्रेम-पुष्प का,
चमन हृदय का महकेगा।।
मानवता का दीप जलाएँ,
घृणा-तिमिर का अंत करें।
सर्दी-गर्मी आतीं रहतीं,
मिलकर सभी वसंत करें।।
राजनीति का चक्कर छोड़ें,
आओ देश बचाएँ हम।
राष्ट्र-सुरक्षा में है रक्षा,
सबको यही बताएँ हम।।
जलाभाव से दुनिया पीड़ित,
नीर-योजना सफल करें।
सूखी सरिता खोद-खोद कर,
पुनि सरिता को सजल करें।।
मानव से मानव को जोड़ें,
यही धर्म तो अपना है।
है यह पावन कर्म मनुज का,
इसमें दाम न लगना है।।
दिल और शीशा
जुड़ जाता है टूटा शीशा,
कभी नहीं दिल जुड़ता है।
बंद हुआ जो द्वार हृदय का,
नहीं कभी वह खुलता है।।
कोमल-कोमल तार हृदय के,
बड़े लचीले होते हैं।
भावों के झरनों में उसके,
गीत सुरीले सोते हैं।
मधुर गीत की बीन बजाकर,
दिल पापों को धुलता है।।
बंद हुआ जो द्वार……….।।
जब भी दिल के तार टूटते,
दुख का दरिया बहता है।
क्रांति-सिंधु की ऊर्मि भयंकर,
लखकर विश्व दहलता है।
रक्तपात के खारेपन में,
मधुर भाव भी घुलता है।।
बंद हुआ जो द्वार………..।।
माता-बहनें रोएँ-चीखें,
माथे के सिंदूर बहें।
लूट-पाट-उत्पात मचे जग,
निरपराध दुख-भार सहें।
नरम दिलों की इस दुनिया में,
कुत्सित सोच बहुलता है।।
बंद हुआ जो द्वार………..।।
हृदय सरल है,निर्मल रखना,
शीशे की चिकनाई है।
यह है पावन गंगा जैसा,
देवों की सुघराई है।
शीशे जैसा यद्यपि लगता,
दिल में भाव-विपुलता है।।
बंद हुआ जो द्वार हृदय का,
नहीं कभी वह खुलता है।।
भारत की बेटियाँ
भारत का नाम रौशन, करतीं हैं बेटियाँ,
नित-नित नवीन शोधन, करतीं हैं बेटियाँ।
यद्यपि ये कोमलांगी, होतीं हैं बेटियाँ,
कर लेतीं श्रम कठिन, फिर भी ये बेटियाँ।।
जल में हों, चाहे नभ में, होवें धरा पे वे,
नारी-प्रभा को शोभन, करतीं हैं बेटियाँ।।
वतन की आन-बान थीं, पहले भी बेटियाँ,
झंडे का आज रोहण, करतीं हैं बेटियाँ।।
कर्तव्य शासकीय, या हो प्रशासकीय,
सियासती सुयोजन, करतीं हैं बेटियाँ।।
होतीं अक्षुण्ण कोष ये, असीम शक्ति का,
कुरीतियों का रोधन, करतीं हैं बेटियाँ।।
साहस अदम्य इनमें, रहता विवेक है,
संघर्ष का ही भोजन, करतीं हैं बेटियाँ।।
घर में रहें या बाहर, चाहे विदेश में,
शर्मो-हया का लोचन, रहतीं हैं बेटियाँ।।
जीवित हैं मूर्ति त्याग की, अपनी ये बेटियाँ,
नहीं कभी प्रलोभन, करतीं हैं बेटियाँ ।।
विजयी बनीं हैं विश्व की,’क्रिकेट’ के खेल में,
रिक्शा चला भी लेतीं, भारत की बेटियाँ।।







