नील मणि
मेरठ, (उत्तर प्रदेश)
(नया अध्याय, देहरादून)
असली बनाम नकली
हमारा NRI बेटा बस गया परदेश में
एक बार हम भी जा पहुंचे उस देश में
सैर सपाटे पर निकले तो देखा
एक सुंदर युवती मुस्करा रही थी
हैंड-शेक करने को निरंतर
हाथ बढ़ा रही थी..
पहले तो हम सकपकाए, घबराए, थोड़ा सकुचाये
सोच ये लम्बी गोरी युवती
क्यों हम पर वारि वारि जाये!
फिर छोड़ सारी सकुचाहट
कुलबुलाहट और हिचकिचाहट
फट से पहुंचे युवती के पास
और गोरी गोरी छोरी की ओर
बढ़ाया अपना हाथ—-
ओह! ये क्या—–
छूते ही उसको करंट सा दौड़ गया शरीर में
मालूम पड़ते ही कि ये गजब की बला तो
ढली है मोम में …
हो गए हम पानी पानी
परदेश में भी याद आ गई हमको नानी।|
हर दिल उमंग यही
जब बेटा बड़ा होता है मन क्या-क्या ख्वाब संजोता है
कुछ हमको भी बतलाओ कुछ हमको भी बतलाओ
जब रिश्ते के लिए सोचते हैं, मन में क्या-क्या लड्डू फूटते हैं
मन क्या-क्या पुलाव पकाता है
कुछ हमको भी बतलाओ कुछ हमको भी बतलाओ
एक दुल्हन नई लाज में सिमटी
जब इधर-उधर डालेगी
तब क्या पच्चीस वर्षों पुरानी याद
फिर से ताजा हो लेगी
नए-पुराने विचारों के संगम
हमको महकाएंगे
पुरानी बगिया में नित-नए फूल खिल जाएंगे
क्या ऐसा होगा
कुछ हमको भी बतलाओ, कुछ हमको भी बतलाओ
नित्य निरंतर चहल-पहल का मौसम होगा
दुल्हन पर नित-नेम नेह बरसता होगा
बहू जब इस घर में रम जाएगी
मायके की याद नहीं उसे सताएगी
सच्चे अर्थों में जब सास बहू की श्वास बन जाएगी
तब यह बगिया हीरे-मोती से भर जाएगी
क्या ऐसा होगा
कुछ हमको भी बतलाओ, कुछ हम भी बतलाओ।
परिचय- नील मणि
मैंने राजनीतिक विज्ञान में परास्नातक शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने करियर की शुरुआत एक स्वरोजगार कंप्यूटर प्रोग्रामर के रूप में की। तर्क और तकनीक की दुनिया से आगे बढ़ते हुए अपनी कल्पना शक्ति को आकार दिया और एनिमेशन के क्षेत्र में कदम रखा। आज एक कार्टूनिस्ट और लेखक के रूप में सामाजिक, राजनीतिक और पारिवारिक जीवन के विविध रंगों को अपने व्यंग्य, रेखाचित्रों, कविताओं और कहानियों के माध्यम से जीवंत करने की कोशिश में हूँ। मेरी रचनाएँ व कार्टून्स विभिन्न प्रतिष्ठित, सरकारी, देश-विदेश की पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो रही हैं।







