डॉक्टर रामबली मिश्र, वाराणसी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मेरे प्रेरक
चिंतन लेखन चलता रहता।
यादों में मन खोया रहता।।
साथ रहो तो कविता बनती।
मधुर भाव की सरिता बहती।।
तुझ सा मित्र सदा प्रेरक है।
प्रिय वाक्यों का उत्प्रेरक है।।
खो जाता मन तुझसे मिल कर।
मनन पवन बहता हँस- हँस कर।।
देखो कविता के भावों को।
तेरी प्रतिमा के छावों को।।
घाव सकल भरता जाता है।
जब कवि तेरे घर आता है।।
मन मंदिर में तुम रहते हो।
प्रीति तरंगें बन बहते हो।।
साथ तुम्हारा लेखक- चिंतक;
सहज बनाता शुभ शिव मधु तक।।
चमक का भ्रम
हर चमकीला सोना होता।
यह भ्र्म सबका दीदा खोता।।
मत भ्रम पालो देख सत्य को।
जान सको तो जान तथ्य को।।
नहीं दूर से निकट पहुँचना ।
जा कर देखो भाव समझना।।
उसके गुण को स्वयं परखना।
भीतर जा मूल्यांकन करना।।
जुगुनो को मत तारा जानो।
नहीं लैंप को चंदा मानो।।
नहीं एक हैं सभी चमकते।
नहीं समांतर सभी दहकते।।
चिंगारी कब विजली जैसी?
टाइगर से बिल्ली कब वैसी??
अलग- अलग सबकी कीमत है।
एक अलहदी इक हिम्मत है।।
बनो चमकता भव्य सितारा।
अडिग- अटल सा दिख ध्रुव तारा।।
सोना जैसा बनो हमेशा।
चमको गमको बने महेशा।।







