प्रभारी सम्पादक भोपालः राजेन्द्र सिंह जादौन
“नया अध्याय”
एक परंपरा का अंत… भागवत कथा पर भारी गुजराती फाफड़ा?
कभी भारतीय जनता पार्टी को देखकर यह समझना मुश्किल नहीं था कि यह एक राजनीतिक दल कम और संघ की शाखा का विस्तार ज्यादा है। सुबह शाखा, शाम को संगठन और चुनाव के समय राष्ट्रवाद यही त्रिवेणी थी। लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। शाखा में बिस्कुट बंट रहे हैं और संगठन में फाफड़ा। और वह भी शुद्ध गुजराती, बिना संघीय चटनी के।
संघ प्रमुख मोहन भागवत कहते हैं “आरएसएस पार्टी अध्यक्ष नहीं चुनता।” यह बयान साधारण नहीं है, यह एक तरह का वैचारिक डिस्क्लेमर है। जैसे कोई कहे हम घर के बड़े जरूर हैं, लेकिन घर अब हमारा नहीं है। पहले संघ मार्गदर्शन देता था, अब केवल शुभकामना संदेश देता है। निर्णय अब नागपुर से नहीं, सीधे दिल्ली–अहमदाबाद एक्सप्रेस से आते हैं।
भाजपा अब उस मुकाम पर है जहाँ उसे लगता है कि संघ एक नैतिक बोझ है ज़रूरी तो है, लेकिन शोपीस की तरह। सत्ता की राजनीति में विचारधारा का वजन उतना ही होता है, जितना चुनावी मौसम में ऊनी स्वेटर का। जीत मिल रही है, तो सवाल पूछने वाला कौन?
कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति इसका जीवंत उदाहरण है। न कोई वैचारिक बहस, न संघीय संतुलन। फैसला हुआ और बता दिया गया यह संगठन का आंतरिक मामला है। मतलब साफ है संघ अब रिश्तेदार है, मालिक नहीं।
मोदी–शाह की जोड़ी ने भाजपा को पार्टी नहीं, एक कॉर्पोरेट मॉडल में बदल दिया है। यहाँ कैडर नहीं, मैनेजमेंट चाहिए। यहाँ विचारक नहीं, रणनीतिकार चाहिए। संघ जहाँ “सब साथ” की बात करता है, वहीं नया भाजपा मॉडल “सब मेरे साथ” पर चलता है। यही वजह है कि आज स्वयंसेवक पृष्ठभूमि वाले नेता किनारे खड़े दिखाई देते हैं और सोशल मीडिया योद्धा मंच के बीचोबीच।
संघ की शाखाओं में आज भी राष्ट्र, संस्कृति और अनुशासन की बातें होती हैं, लेकिन भाजपा के दफ्तरों में केवल सीट, सर्वे और साइलेंट वोटर की चर्चा है। भागवत कथा चल रही है, पर श्रोता मोबाइल पर ट्रेंड देख रहे हैं। कथा में संयम है, राजनीति में आक्रामकता। कथा में दीर्घकाल है, राजनीति में अगला चुनाव।
यह कहना गलत होगा कि भाजपा और संघ में तलाक हो गया है। यह भारतीय शैली का रिश्ता है साथ रहते हैं, लेकिन अलग-अलग कमरे में। संघ अब मार्गदर्शक है, संरक्षक नहीं। भाजपा अब पुत्र नहीं, स्वयंभू सम्राट है।
सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि भाजपा संघ के बिना चल पाएगी या नहीं। सवाल यह है कि क्या भाजपा संघ के बिना वही रहेगी? इतिहास गवाह है कि विचारधारा से कटे संगठन कुछ समय तक सत्ता में रहते हैं, लेकिन स्थायी नहीं होते। सत्ता का स्वाद फाफड़े जैसा होता है करारा, लेकिन क्षणिक। जबकि विचारधारा रोटी की तरह होती है सादा, पर टिकाऊ।
आज भाजपा फाफड़े की थाली पर तृप्त दिखती है। संघ चुपचाप कोने में बैठा है, कथा सुना रहा है। भीड़ किसके पास है, यह दिख रहा है। लेकिन इतिहास अक्सर भीड़ नहीं, विचार याद रखता है। और शायद यही इस परंपरा का असली अंत नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी परीक्षा है।







