ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
(नया अध्याय)
नगर में तेंदुए की बढ़ती संख्या व आतंक को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रभागीय वनाधिकारी को सौंपा ज्ञापन :
अल्मोड़ाः अल्मोड़ा शहर व आसपास के क्षेत्रों में बाघ/तेंदुए की बढ़ती गतिविधियां तथा अन्य कई जगहों पर इनके द्वारा कई घटनाओं को देखते हुए आज दिनांक 26दिसंबर 2025को नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रभागीय वनाधिकारी (DFO)को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि रिहायशी इलाकों, स्कूलों,पैदल मार्गों और घरों के आसपास तेंदुओं की लगातार आवाजाही आमजनता के लिए जानलेवा खतरा बन गया है।नगरवासी डर और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं, लेकिन इस सबके बावजूद वन विभाग द्वारा अबतक कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है,जो बहुत चिंताजनक है।
नगर कांग्रेस कमेटी ने वन विभाग की इस लापरवाही के विरोध में कार्यालय का घेराव करते हुए निम्न प्रमुख मांगें रखीं-तेंदुए की सक्रियता वाली सभी चिन्हित जगहों पर तत्काल उन्हें पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जाएं। नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त,ट्रैप कैमरे और निगरानी व्यवस्था तुरंत मजबूत की जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार और वन विभाग सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करें कि जंगली जानवरों से आमजन की सुरक्षा के लिए क्या नीतियां बनाई गई हैं और अबतक उन पर अमल क्यों नहीं हुआ। भविष्य में तेंदुओं और बाघ द्वारा होने वाली घटनाओं की रोकथाम के लिए स्पष्ट कार्ययोजना,समय सीमा और जिम्मेदार अधिकारियों के नाम घोषित किए जाएं।
ये भी कहा कि पकड़े गए तेंदुओं को नगर क्षेत्र से दूर सुरक्षित वन क्षेत्रों में छोड़ा जाए अथवा स्थायी व्यवस्था के तहत जू या रेस्क्यू सेंटर में रखने की व्यवस्था की जाए, ताकि इनसे दुबारा खतरा न हो।
नगर कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और किसी भी प्रकार की जनहानि होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी वन विभाग की और शासन प्रशासन की होगी। ऐसी स्थिति में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भुपेंद्र भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, पूरन रौतेला, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, पार्षद वैभव पाण्डे, पार्षद दीपक कुमार, पार्षद इंतखाब आलम, गीता मेहरा, प्रीति बिष्ट, गीता पाण्डे, परितोष जोशी, रोबिन मनोज भण्डारी, बीके पाण्डे, मनोज वर्मा, गोविंद सिंह मेहरा, भैरव गोस्वामी, निजाम कुरैशी, दिनेश पाण्डे, पंकज काण्डपाल, रविन्द्र टम्टा, कमल बिष्ट, कार्तिक साह, जगदीश तिवारी, राधा राजपूत, राधा टम्टा आदि लोग शामिल रहे।









