संवाददाता आगर मालवा :गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
ग्रामीणों द्वारा दी गई तालिबानी सजा”!
नाबालिग स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में दो युवकों का सिर मुंडन, उमरपुर में कानून से पहले सुना दिया फैसला…।
आगर मालवा : ग्राम आम्बदेव में मंगलवार को उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब नाबालिग स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप ने पूरे गांव को उबाल पर ला दिया। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार तीन नाबालिग छात्राएं सड़क मार्ग से विद्यालय जा रही थीं, तभी निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत दो युवकों पर उनसे आपत्तिजनक टिप्पणी और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा। छात्राओं द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंच गए। आरोप लगते ही कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्से से भरी भीड़ ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने सार्वजनिक रूप से दोनों आरोपियों का सिर मुंडन कर दिया, जिसे लेकर पूरे गांव में सनसनी फैल गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ग्रामीण ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला और अधिक तूल पकड़ता नजर आया और क्षेत्र में तीखी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ से सुरक्षित निकालते हुए हिरासत में लिया और उन्हें आगर कोतवाली थाने ले जाया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों युवक एक निजी फाइनेंस कंपनी से जुड़े हुए हैं।
कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया, जिसके चलते फिलहाल किसी प्रकार की सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि नाबालिग छात्राओं से जुड़ा मामला होने और भीड़ द्वारा कानून अपने हाथ में लिए जाने को लेकर प्रशासनिक हलकों सहित आमजन में भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद उमरपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। एक ओर जहां ग्रामीण बेटियों की सुरक्षा को लेकर आक्रोशित नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कानून व्यवस्था, भीड़तंत्र और न्याय प्रक्रिया को लेकर गंभीर बहस छिड़ गई है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।







