सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय)
ऊखीमठः इंटरनेशनल भारत के सहयोग से नगर पंचायत क्षेत्र के गांधीनगर वार्ड में एक दिवसीय विभागीय अभिसरण उद्यमिता विकास कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय स्तर पर कार्यरत उद्यमियों को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0 सहित विभिन्न उद्योग विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गयी।
कार्यशाला में 26 महिला एवं 3 पुरुष उद्यमियों सहित कुल 29 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत सेवा इंटरनेशनल ऊखीमठ के ब्लॉक लीड श्री जीतेंद्र कुमार पुरोहित द्वारा की गई, जिसमें उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का परिचय कराते हुए कार्यशाला के उद्देश्य पर विस्तृत प्रकाश डाला।
कार्यशाला में उद्योग विभाग की तकनीकी संस्था ए एफ सी इण्डिया के जिला समन्वयक सोहन लाल द्वारा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0 सहित उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं, ऋण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, बैंक से संबंधित औपचारिकताओं एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें उद्यम स्थापना हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यशाला मे 15 महिला उद्यमियों ने उद्योग विभाग के माध्यम से कुल 31 लाख के ऋण हेतु रुचि व्यक्त की। प्रस्तावित ऋण से पशुपालन, दुकान, रेस्टोरेंट, सिलाई एवं अन्य लघु उद्यमों की शुरुआत/विस्तार कर आजीविका संवर्धन करने की योजना बनाई गई है। कार्यशाला में सेवा इंटरनेशनल

की ओर से क्लस्टर समन्वयक श्रीमती पूनम नेगी, श्रीमती आशा गुसाईं एवं भविष्य शर्मा भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्लॉक लीड जीतेंद्र कुमार पुरोहित ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0 सेवा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त माध्यम है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।









