सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री एवं लेखिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
“यदि आप अपने मन के स्वामी बन जाएंगे, तो चिंताएँ और उलझनें स्वतः ही समाप्त हो जाती हैं” : सुश्री सरोज कंसारी।
—————————————–
सच्चे सुख और आनंद का स्रोत कहीं बाहर नहीं होता, बल्कि हमारे अपने भीतर—हमारे मस्तिष्क में ही छिपा होता है। परन्तु, विडंबना यह है कि जिसे हम बाहर खोज रहे हैं, उसकी चाबी हमारे पास ही है, लेकिन हमारे नकारात्मक विचार और मानसिक उलझनें ही उस तक पहुँचने का सबसे बड़ा रोड़ा हैं। मनुष्य के पास अनंत-असीम कलाओं का विशाल भंडार होता है। मनुष्य इस सृष्टि की उच्चतम सुंदर रचना है, और सर्वज्ञ ईश्वर का दिया सर्वोत्तम उपहार है। हमें कई जन्मों के पुण्यकर्म के पश्चात, यह मानव काया मिली है, जिसमें सकारात्मक और नकारात्मक दोनों ऊर्जा समाहित हैं। जरा सी, बात और विचलित जब मन हो तो किसी समस्या का हल नहीं निकलता। बड़ी से बड़ी कठिनाई को हम शांति और धैर्य से हल कर सकते हैं। अक्सर यह देखने में आता है कि सोच के विपरीत कार्य होने से कई लोग व्याकुल हो जाते हैं। मनुष्य के पास ही तो अनंत कलाओं का विशाल भंडार है, कई विकल्पों से भरा पड़ा है यह सुंदर जहान। इसमें रूठने, टूटने, और बिखरने का कोई स्थान ही नहीं। गिरने के बाद खुद उठना सीखो, टूटने के बाद जुड़ना और सबकुछ खोकर भी पाने की कोई नई तरकीब ढूंढ निकालो। यह जगत् एक जादू की छड़ी है, जिसे सही उपयोग करने मात्र से कई नये चमत्कार होते हैं। इसमें डर के आगे जीत है, प्रलय के बाद ही सृजन है। यदि आप चाहते हैं सरल-सहज और सिर्फ़ आसान राहें हों, तो यह संभव नहीं। आसमान की ऊँचाई को छूने के लिए हौसलों को पंख चाहिए। हर पग पर, ये जिन्दगी एक नया इम्तिहान लेती रहेगी…और इसमें पास होने के लिए अनुभव रूपी किताब को आपको पढ़ना ही पड़ेगा। चुनौतियाँ ही तो हैं जो हमें अपने सही मुकाम तक पहुँचने में मदद करती हैं। रिश्तों के जाल में हम सभी गुंथे हुए हैं, प्रेम रूपी माला के हर मोती को सहेज कर रखना चाहिए। अपने आपको कभी कमजोर न होने दें, मजबूत चट्टान बना ले अपने इस मन को, जिसे नफरत, झूठ और छल-कपट, पाप और द्वेष छू न सकें। भावनाओं के समंदर में सिर्फ़ स्नेह और अपनेपन की धारा बहे। किसी को तोड़कर हँसे तो क्या मजा, किसी बिखरे को समेट ले तो कोई बात बने। गम के तूफानों से घबराये नहीं, तेज आँधी का रुख भी मोड़ दे, अपने साहस से अंधेरों में एक ऐसी उम्मीद की रोशनी बने। उदास होने के कई अवसर आयेंगे, लेकिन खुश रहने की वजह अपने आसपास से ही ढूंढने होते हैं। सामाजिक, आर्थिक, और पारिवारिक हर माहौल में सामंजस्य बिठाना पड़ता है, यह एक अहम् पहलू है। हम जो चाहें वहीं हो, यह तो स्वार्थ हुआ न, जो सबके हित हो वहीं करें, यह परोपकार है। फूलों की चाह है, और काँटों की चुभन भी न हो, यह तो संभव नहीं। हर एक परिस्थिति में खुद को ढालने का हुनर ही जिन्दगी है। इस अनमोल तन का हम सदुपयोग करें, जिसमें सुनने, देखने, चलने और सांस लेने की प्रक्रिया चल रही है, वो जीवित है, गतिमान है, और असंभव को संभव करने की हर शक्ति मनुष्य के पास है। सृजन कर लें। सकारात्मक सोच का, अपनेपन का, सुंदर व्यवहार का, और खुशनुमा माहौल का, तब आप सही मायने में वास्तविक खुशी को महसूस कर पायेंगे। अगर हमें उस सुख के द्वार खोलने हैं, तो हमें अपने स्वभाव में सकारात्मकता के बीज बोने होंगे। इन गुणों में ‘करुणा’ (दया का भाव) सबसे महान है। जब हम अपने जीवन में सहनशीलता, धैर्य, संतोष, संयम और उदारता जैसे गुणों को शामिल करते हैं, तो हमारा जीवन बोझ नहीं, बल्कि एक उत्सव बन जाता है। याद रखिए, जैसे-जैसे हम खुद को भीतर से बदलते हैं, बाहरी दुनिया हमारे लिए उतनी ही ख़ूबसूरत और आनंदमयी होती जाती है।
निष्कर्ष :
इस संपूर्ण विश्लेषण के आधार पर, हम इस महत्वपूर्ण जीवन-सूत्र पर पहुंचते हैं – मन की पीड़ा देह की पीड़ा से भारी है। जिसने मन को जीत लिया, उसने संसार की समस्त चिंताओं को जीत लिया। अपने मन को जीतना का आशय है कि अपने जीवन को जीतना, और यही सच्ची खुशी का राज है। जब यह विदित है कि संसार नश्वर है और मृत्यु निश्चित है, तो अनावश्यक चिंताओं का भार क्यों ढोना? अपनी अभिलाषा के अनुसार स्वतंत्र होकर जिएं। यह विषय गंभीर मनन और चिंतन की अपेक्षा रखता है।
—————————————–







