ब्यूरो कुमाऊं: दयानन्द कठैत अल्मोड़ा
(नया अध्याय)
कैसे होगा विकास,जब नगर निगम को बजट ही न मिला, ये अत्यंत चिंता का विषय है : वैभव पाण्डे
अल्मोड़ा: नगर निगम अल्मोड़ा के पार्षद वैभव पाण्डे का कहना है कि नगर में इन दिनों प्रदेश सरकार के मंत्री, कैबिनेट स्तर के नेता एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी लगातार कार्यक्रम और बैठकें कर रहे हैं। नगर निगम सभागार में भी बड़े स्तर के आयोजन लगातार हो रहे हैं और मंत्रीगण निरंतर नगर क्षेत्र का दौरा व निरीक्षण कर रहे हैं लेकिन बावजूद इसके नगर निगम को अबतक विकास कार्यों के लिए कोई ठोस बजट उपलब्ध नहीं कराया जाना बेहद चिंता का विषय है।
प्रेस को जारी एक बयान में नगर निगम पार्षद वैभव पाण्डे ने कहा कि नगर की सड़कें, सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए नगर निगम को प्रर्याप्त धनराशि की आवश्यकता है। नगर की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं द्वारा अपने आला अधिकारियों व सरकार के उच्च स्तर पर नगर निगम के लिए बजट स्वीकृत कराने की कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है जो अत्यंत चिंता का विषय है।
पाण्डे ने कहा कि यदि मंत्रीगण और वरिष्ठ नेता प्रतिदिन अल्मोड़ा में कार्यक्रम कर सकते हैं तो नगर के विकास हेतु आवश्यक बजट दिलाना भी उनकी जिम्मेदारी बनती है। आगे उन्होंने कहा कि अब विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ एक बार फिर मुद्दों के नाम पर जनता को भटकाने की कोशिशें होने लगी हैं, लेकिन अल्मोड़ा की जागरूक जनता अब केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि वास्तविक विकास और बजट चाहती है। अल्मोड़ा के समग्र विकास के लिए शीघ्र नगर निगम को प्रर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है ताकि नगर की मूलभूत समस्याओं का समाधान हो सके और जनता को राहत मिल सके।









