सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख
“संस्कारों की पूँजी: विपरीत परिस्थितियों में अडिग रहने का संबल” – सुश्री सरोज कंसारी।
▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬
संसार में यदि कोई प्रेम निःस्वार्थ और पवित्र है, तो वह माता-पिता का है। वे न केवल हमें जन्म देते हैं, बल्कि हमारे चरित्र का निर्माण भी करते हैं। जैसा कि इन पंक्तियों में कहा गया है :
_”माता-पिता का प्रेम है, जीवन का अनमोल उपहार,_
_अंतर्मन से करना तुम, इनका सदा सम्मान।_
_जीवन रूपी नैया के, ये सुदृढ़ आधार,_
_संस्कृति और संस्कारों से, हैं ये सराबोर।_
इसी भाव को आत्मसात करते हुए, आइए आज हम सकारात्मकता और आत्म-विकास की इस यात्रा में माता-पिता की भूमिका और उनके आदर्शों पर चर्चा करें – 14 फरवरी को मातृ-पितृ दिवस मनाकर एक नए अध्याय की शुरुआत करें। विदेशी सभ्यता की अमर्यादित हवा आने वाली पीढ़ी की मानसिकता को विचलित न कर पाए। माता-पिता का प्यार अनमोल उपहार है, और हमें इसका सदा ही सम्मान करना चाहिए। वे जीवन रूपी नैया के मजबूत आधार हैं, संस्कृति और संस्कार से सरोबार। प्रेम मानव जीवन की सबसे सुंदर अनुभूति है, सृष्टि के हर कण में समाहित है। प्रेम की खुशबू हमें ताजगी प्रदान करती है, राधा-कृष्ण, राम-सीता के निस्वार्थ प्रेम की पराकाष्ठा को दर्शाती है। प्रेम प्रकृति है, जो आचरण में, आँखों में, भावों में छलकती है। प्रेम को शब्दों में बयां करना संभव नहीं, जिसके साथ सच्चा प्रेम है, वह इंसान दुनिया में सबसे खुशनसीब है। प्रेम में असीम शक्ति होती है, जिसके सहारे हम हर कठिनाई को सहजता से पार कर लेते हैं। प्रेम जीवन की वास्तविक गहराई है, जिसमें डूबकर ही हमें शांति और सुकून मिलता है। आज भौतिकता के इस दौर में, मगन हैं सभी एक दूसरे से खुद को श्रेष्ठ साबित करने के लिए। निस्वार्थ प्रेम आज के परिवेश में मात्र एक कल्पना है। रिश्तों के इस जाल में सभी उलझे हैं। प्रेम की शक्ति ही है जो सारे संसार को सुव्यवस्थित संचालित करती है। जरा सोचिए तो! इस प्रेम के असल में हकदार कौन हैं? जिनसे हमें सिर्फ प्रेम ही मिलता है, जो बदले में कुछ नहीं मांगते। जीवन-भर हमारी कुशल मंगल की कामना करते हैं, हमें हर पल खुश देखना चाहते हैं। हमारी फिक्र करते हैं, सब कुछ समर्पण करते हैं बिना किसी शर्त के। कोई किसी भी परिस्थिति में हमारा साथ नहीं छोड़ते। उस समय हमारे जेहन मन में एक ही नाम आता है, और वो हैं इस धरा पर हर घर में विराजमान हमारे माता-पिता, प्रेम की साक्षात मूरत। तो क्यों भूल जाते हैं। माता-पिता के चरणों में प्रेम का दूजा रूप हैं माता-पिता। उनकी समर्पण, त्याग, स्नेह, करुणा, दुलार और ममता की छांव को सारी सृष्टि समाहित है। आज हम पर हावी हैं विदेशी सभ्यता, आधुनिकता की दौड़ में भाग रहे हैं एक दूसरे के पीछे। पर विश्राम नहीं, नित नये ऐसे पाश्चात्य त्यौहारों को मना रहे हैं, जिसका कोई औचित्य, कोई ऐतिहासिक आधार नहीं। विदेशी सभ्यता को अपनाने उतारू हैं, रोज डे, प्रपोज डे, चॉकलेट डे, टेडी डे, प्रॉमिस डे, हग डे, किस डे, और सबसे ज्यादा बेसब्री से इतजार करते हैं वेलेंटाइन डे का। 14 फरवरी को गुलाब फूल देकर, फिल्मी अंदाज में अपने प्रेम का इजहार कर, अपनी खोखली मानसिकता का परिचय देने को प्रेम दिवस का नाम देते हैं। प्रेम की बदलती परिभाषा, जिसमें स्वार्थ, झूठ और सिर्फ मौज-मस्ती है। होटलों और क्लबों में जाकर, आज युवक-युवती माता-पिता के भरोसे का नाजायज फायदा उठाते नजर आते हैं। माता-पिता के सच्चे प्रेम की सार्थकता को सिद्ध करने के लिए, हमारे समाज के देश के तपस्वी साधु-संत समाज ने विचार मंथन कर 14 फरवरी को मातृ-पितृ दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। जो बहुत ही सराहनीय पहल है। हमारी संस्कृति, परंपरा और धरोहर को सहेजकर रखना हमारा परम कर्तव्य है। आज युवा पीढ़ी क्यों भटकते फिर रहे हैं उन राहों में, जिसकी कोई मंजिल नहीं? आज के माहौल में घुलते इस विदेशी विष को रोकना जरूरी है। यह एक मूर्खतापूर्ण कार्य है, वेलेंटाइन डे जो भारत के भविष्य को अंधकार में धकेलती जा रही है। समय रहते इस पर अंकुश न लगाया गया, तो परिणाम बहुत ही भयंकर होगा। मातृ-पितृ दिवस: एक नए अध्याय की शुरुआत: इस दिन को आइए मिलकर विशेष बनाएं। हर्षित मन से, सच्चे हृदय से सुबह उठकर स्नान ध्यान कर माता-पिता को आसन पर बिठाकर घर में जितने भी सदस्य हैं उतने के हाथों में पूजन की थाली हो जिसमें फूल की माला, जलता हुआ दिया, रोली, पीला चाँवल, एक श्रीफल, साल रखें और “तुम्हीं हो माता, तुम्ही पिता हो” मंत्रोचारण करते हुए विधिवत पूजन करें। एक साथ सभी आरती उतारे, तिलक वंदन कर पुष्प की वर्षा करें, उनके चरणों में झुककर प्रणाम करें, श्रीफल साल भेंट कर दृढ़ संकल्प लें कि हम हमेशा माता-पिता का सम्मान करेंगे, उनकी सेवा में कोई कमी नहीं करेंगे, हर पल उनका ध्यान रखेंगे। माता-पिता के प्रति सच्ची भक्ति: माता-पिता के प्रति सच्ची भक्ति के भाव का प्रचार करें। 14 फरवरी को मातृ-पितृ दिवस मनाकर इस दिन को यादगार बनाएं। इतिहास में एक नए अध्याय का शुभारंभ करें। विदेशी सभ्यता की अमर्यादित हवा भारत की आने वाली पीढ़ी की मानसिकता को विचलित न कर पाए। भारतीयता की सुंदर बीज डालकर उन्हें संस्कार की खाद पानी देकर सींचें, प्रत्येक पल देख भाल करें ताकी भविष्य में वह देशभक्ति से ओतप्रोत विशाल वृक्ष बन शीतल छाँव प्रदान कीजिए, भारत माता की आन-बान और शान कभी नहीं झुकने पाये। परिचय के रूप में : “माता-पिता के निस्वार्थ प्रेम और उनके महत्व को इन पंक्तियों के माध्यम से बखूबी समझा जा सकता है—”
कविता की पंक्तियाँ:
“घर-आँगन की होते हैं वे, ही आन-बान और शान,
खिलता जिनसे हरदम यह, परिवार रूपी बागबान।
सेवा में जिनके बसते, इस जग के चारों धाम,
माता-पिता बिन सूना है, और वीरान है यह जहान।”
▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬







