सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख
“शून्य से शिखर तक!” — सुश्री सरोज कंसारी
▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬
अहंकार व्यक्ति को दूसरों से ऊपर दिखाने की कोशिश करता है, जबकि विनम्रता उसे वास्तव में बड़ा बना देती है। महानता की पहली शर्त ही यह है कि आप अपनी उपलब्धियों को अपने सिर पर नहीं, बल्कि दूसरों की सेवा में लगाएँ। जीत तभी निश्चित होती हैं जब हम हर बार गिरकर पूरी मानसिकता से फिर से उठे और प्रयास करें। सही समय पर सही निर्णय लेकर मन से उन निरर्थक बातों को पहले जड़ से खत्म कीजिए जो आपको अंदर से कमजोर करें। सिर्फ सुंदर और प्रेमपूर्ण विचारों की अग्नि को प्रज्ज्वलित करके रखिए जिसमें किसी तरह की मायूसी, डर, शोक संताप और बुरे बर्ताव आपके भीतर प्रवेश होने से पहले जलकर राख हो जाएं। असंभव कुछ भी नहीं। शांत रहिए, सब्र कीजिए और आगे बढ़ने के लिए संकल्पित हो जाइए। अपने भीतर की ऊर्जा को यूँ ही बर्बाद मत कीजिए। खुद को बनाने में अपनी पूर्ण ऊर्जा खर्च कीजिए। अंतर्मन की भावनाओं को सही दिशा में प्रवाहित कीजिए जहां से हर बार आपका व्यक्तित्व महक उठे। जिसकी अच्छाई की सुगंध चारों दिशा में फैले, कुछ ऐसा दें इस संसार को जिसे पाकर सभी का हृदय निर्मल हो सके, दुर्भाव का अंत होने से ही सद्कार्य की ज्योति जलती है जो कभी बुझती नहीं। सोच को विस्तारित करते रहिए। गलती हर बार हो सकता है जिसमें सुधार करते रहिए, पर गलत मत होना अपने व्यवहार से। जीवन में, टूटना-बिखरना लगा रहता है, ज्यादा गंभीरता से न लें, एक ही बात के कई पहलू होते हैं, हर तरह से सोचिए और जो हो गया उस पर अधिक दिमाग मत लगाइए, जो करना है उसमें दिल लगाइए। उन लोगों के सामने मत झुकिए जहां आपकी भावनाओं की कद्र नहीं, अपनी अस्त-व्यस्त मानसिकता को समेटकर उच्च मुकाम को हासिल कीजिए। हर दर्द एक सबक है। जब हर जगह संतुलन बनाकर कोई कार्य करते हैं तो हर कठिनाई को पार कर नए रूप में उभरते हैं…आशा-उत्साह हमेशा आपके भीतर होता है। उन बातों के लिए अपने मन को डांवा डोल मत कीजिए। दिमाग में सही बातों का समावेश करने पर कभी विचलित नहीं होंगे… ये जीवन है, यहाँ निभाने वाले कम हैं, जहां नफरत और षड्यंत्र का डेरा है वहां से निकलिए, हिम्मत से तोड़िए लोभ, मोह-माया, भोग-विलास का चक्रव्यूह। अगर कभी जीवन के किसी मोड़ पर ऐसे समय से गुजरना पड़े जहां आपका दिमाग पूरी तरह बोझिल हो जाए, आप बहुत कोशिश के बाद भी तनाव से मुक्त नहीं हो पाते रहें तो कुछ पल खुद के साथ रहिए और आरंभ से अंत तक अपनी अच्छाई और बुराई पर सूक्ष्म चिंतन के बाद एक सही निर्णय लीजिए। सांसारिक यात्रा में जो खोया उससे भी कीमती आज का यह पल है जिसके सदुपयोग से अपने हर जख्म को भर सकते हो, बस कर्म पर ध्यान दें। अपनी क्षमताओं का बोध होने पर आपके हर द्वंद्व मिट जाते हैं और फिर नई शुरुआत बेहद सुखद होती है, जिंदगी जिसमें आप हर लम्हा रोमांचित होते हैं, जिसमें खुद से वादा, एक नई चाहत, मंजिल-उम्मीद हमसफर होते हैं। मजबूत मन से हर बाधा को चैलेंज कीजिए। आप पार कर सकते हैं हर मुश्किल। जहां कोई दूर तक संभव ना हो उसे भी एक बार करने की कोशिश करने का साहस रखिए। स्पष्ट रहिए जीवन के हर पग पर। कई बार चाहते कुछ हैं, करते कुछ हैं, हर बार अपनी सोच, कार्य और व्यवहार बदल लेते हैं जिसकी वजह से आपकी मानसिकता को समझने में लोगों को परेशानी होती है और चाहकर भी कोई आपकी मदद नहीं कर पाते। अपने लक्ष्य के प्रति एकदम स्पष्ट रहिए। जो चाहते हैं उसे स्पष्ट कहने और करने की क्षमता का विकास कीजिए। अस्थिर मानसिकता बेहद घातक होती है।
निष्कर्ष/संकल्प से सिद्धि तक: शून्य से शिखर तक की यह यात्रा मात्र अंकों या उपलब्धियों का विवरण नहीं है, बल्कि यह अटूट साहस, निरंतर संघर्ष और स्वयं पर अडिग विश्वास की गाथा है। शून्य एक अंत नहीं, बल्कि वह अनंत आधार है जहाँ से सृजन की नींव पड़ती है। शिखर पर पहुँचना सफलता की पराकाष्ठा तो है, परंतु उस ऊंचाई को बनाए रखना उस चरित्र की परीक्षा है जो हमने शून्य के संघर्षों से सीखा है। यह यात्रा सिद्ध करती है कि यदि इरादे फौलादी हों और दृष्टि स्पष्ट, तो अभावों की गर्त से निकलकर सफलता के सर्वोच्च शिखर को छूना न केवल संभव है, बल्कि अपरिहार्य है। अंततः, शिखर उन्हीं का स्वागत करता है जिन्होंने शून्य की खामोशी में खुद को तपाया है।
▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬







