डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
शिव-स्तुति
जय-जय-जय हे भोले शंकर।
हरहु आइ भव-कष्ट भयंकर।।
हे गिरिजापति डमरू धारी।
कर त्रिशूल कैलास बिहारी।।
हे मयंक-धर, देवन्ह देवा।
सुरसरि-वेग थामि सिर लेवा।।
आवहु करउ जगत-उद्धारा।
असुर-प्रकोप बढ़ा संसारा।।
गौर वर्ण कर्पूर समाना।
घटै जाहि लखि विपति-निधाना।।
करुना-सागर, संकर, दानी।
पिघलहिं सिव सुनि बम-बम बानी।।
चिदानंद-दुख भंजनकारी।
हे सिवसंकर, हे त्रिपुरारी।।
तुमहिं नाथ ओंकारक मूला।
भव-भय-हारक, मारक सूला।।
कामदेव-रिपु, दीन दयालू।
नीलकंठ प्रभु,भगत-कृपालू।।
गुनागार, संकर भगवाना।
निज भगतन्ह कै करि कल्याना।।
मेटवहिं जगत सकल अँधियारा।
ग्यान क दीप बारि उजियारा।।
कान म कुण्डल, नयन बिसाला।
गर महँ ब्याल पहिरि मृगछाला।।
नंदी बृषभ बैठि सिव चलहीं।
भूत-पिसाच संग अनुसरहीं।।
द्वादस लिंग रूप जग पूजै।
एक मात्र सिव देव न दूजै।।
दोहा-ब्यापक ब्रह्म स्वरूप सिव, महाकाल भगवान।
सुनि पुकार निज भगत कै, धाइ करैं कल्यान।।
————————————————–
चौपाइयाँ (शिव-स्तुति)
हे शिवशंकर, हे त्रिपुरारी।
हरो कष्ट आ हे शशिधारी।।
चहुँ-दिशि छाया है अँधियारा।
चाहे सकल विश्व उजियारा।।
नंदी पर चढ़ कर आ जाओ।
आकर डमरू-नाद सुनाओ।।
धार त्रिशूल असुर संहारो ।
आ कलंकिनी धरा सवाँरो।।
तांडव नृत्य दिखा प्रभु शंकर।
हरो नाथ भव-रोग भयंकर।।
खोले आँख तीसरी भोले ।
करो भस्म सब महि-अघ-गोले।।
माथे चंद्र -गंग- जलधारा।
गले भुजंग, रूप अति प्यारा।।
भोले शंकर औघड़- दानी ।
हैं पति शंकर मातु भवानी।।
भस्म-भभूति लगा तन शोभित।
रूप निरख होता जग मोहित।।
शत-शत नमन तुम्हें जग-स्वामी।
करो विनाश जगत-खल-कामी।।
आओ मिल शिव-रात्रि मनाएँ।
शंकर-वंदन कर सुख पाएँ ।।
महाकाल की महिमा भारी।
जय शिवशंकर, जय त्रिपुरारी।।
बेल-पत्र ले जा शिव-मंदिर।
करें प्रार्थना, करें मन स्थिर।।
निश्चित शिव-आशीष मिलेगी।
जग में पूरी शांति रहेगी ।।







