राजकुमार कुम्भज,
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
____________________
ईश्वर और कविता.
____________________
एक दुनिया थी ईश्वर की
ईश्वर की दुनिया में सभी सुखी थे
फिर भी कुछ दु:ख थे ईश्वर के
कुछ छोटे थे, कुछ बड़े थे दु:ख
कुछ छोटे थे, कुछ बड़े थे ईश्वर भी
एक-दूसरे के विरुद्ध खड़े थे ईश्वर
और अपने-अपने हठ लिए जीते थे
वे आपस में ही लड़ते-झगड़ते थे
ईश्वर की दुनिया में मनुष्य नहीं थे
ईश्वर कविता नहीं पढ़ते थे.
____________________
कविता जो पढ़ते थे.
____________________
कविता जो पढ़ते थे
मनुष्यों में बेहतर मनुष्य बनते थे
दूसरों को भी बनाते थे बेहतर
झगड़ते थे तो सिर्फ़ इसीलिए
कि सारा संसार बुहारने के लिए
मेहतर वे बनते थे.
____________________
असीमित है सहना.
____________________
असीमित है ब्रह्माॅंड
असीमित है आकाश और क्षितिज
जल असीमित, जल में लहरें असीमित
काल असीमित, काल के हिस्से असीमित
असीमित दु:ख का आर्तनाद असीमित
प्रार्थनाएँ असीमित और असीमित ही है
सूने संंसार में प्रार्थनाओं की गूँजती गूँज
असीमित गूँजती गूँज में शताब्दियों से
कितना कुछ सहता रहता हूँ मैं
असीमित है सहना.
____________________







