नवीन डिमरी ‘बादल’
‘सरस्वती सदन’ सैण, डिम्मर,
सिमली, चमोली, उत्तराखंड।
(नया अध्याय, देहरादून)
वसंत (बाल गीत)
आया वसंत सुहाना,
लेकर रंग हजार।
भाँति-भाँति के फूलों से,
महक उठा संसार।
कोयल गाये पंचम सुर में,
‘कू-कू’ का मधु गान।
पंख हिलाकर करें तितलियाँ,
फूलों से पहचान।
पवन सुगंधित बहती हल्की,
महके हर इक डाली,
नील गगन में उड़ती चिड़ियाँ,
लगतीं हैं मतवाली।
आम की डाली बौर सजाये,
महके मधुर बहार,
भौंरे ‘गुन-गुन’ गान सुनाएँ,
करते प्यार पुकार।
रंग-बिरंगे फूल खिलें हैं,
हँसती हर इक क्यारी,
नाच रहा मन मोर मगन हो,
ऋतु आयी सुखकारी।
आओ मिलकर गायें हम सब,
स्वागत का यह गीत,
वसंत बयार सुनाए हमको,
फूलों वाली प्रीत।
—-0—-
वसंत (बाल गीत)
पेड़ों पर मुसकाती कलियाँ,
नव कोंपल अभिराम।
नव वसंत के स्वागत में ज्यूँ
करती हैं प्रणाम।
चारों ओर सुवास बिखेरे,
बहती-मंद बयार।
गंध लुटाती, सौंधी माटी
महकाती घर-द्वार।
झूल-झूल फूलों पर भँवरे,
‘गुन-गुन’ गाएँ गान।
मधु-सी मीठी तान सुनाकर,
भर दें नव अरमान।
फूल-फूल के कान में तितली
करतीं बातें प्यारी।
रंग-बिरंगे फूलों के संग
हँसती कलियाँ सारी।
आम्र-बौर की भीनी खुशबू,
मन में रस घोले।
सरसों पीली धरा सजाए,
स्वर्णिम आँचल खोले।
मोर पंख फैलाकर नाचें,
खुशियों का उत्साह।
हर मन में उमंग जगाए,
नव सपनों की चाह।
——0——








