संवाददाता कानड़: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
रमजान में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल: हिंदू समाज ने कराया मुस्लिम समाज को सामूहिक रोजा इफ्तार।
कानड़: पवित्र रमजान माह में नगर में आपसी भाईचारे और सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। पार्षद ओमप्रकाश पालीवाल के द्वारा मुस्लिम समाज के रोजेदारों के लिए सामूहिक रोजा इफ्तार का आयोजन किया। इस आयोजन में दोनों समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और एक साथ बैठकर इफ्तार किया। कार्यक्रम ने नगर में सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।
रमजान के पवित्र महीने में रोजेदार सुबह से शाम तक रोजा रखकर इबादत करते हैं और सूर्यास्त के समय इफ्तार के साथ रोजा खोलते हैं। इसी परंपरा का सम्मान करते हुए मुस्लिम समाज के रोजेदारों के लिए विशेष रूप से इफ्तार की व्यवस्था की। इफ्तार में खजूर, फल, केला सहित विभिन्न व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी।
जैसे ही अजान की आवाज गूंजी, रोजेदारों ने दुआ के साथ रोजा खोला और देश में अमन, शांति और भाईचारे की कामना की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि रमजान का महीना केवल इबादत का ही नहीं बल्कि इंसानियत, सेवा और भाईचारे का भी संदेश देता है। हिंदू समाज द्वारा आयोजित इस इफ्तार कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि अलग-अलग धर्मों के लोग मिलकर समाज में प्रेम और सद्भाव का वातावरण बना सकते हैं।
मुस्लिम समाज के लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन गंगा-जमुनी संस्कृति को मजबूत करते हैं और समाज में एकता का संदेश देते हैं। वहीं हिंदू समाज के लोगों ने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना और एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होना भारतीय संस्कृति की खूबसूरती है। रोजा इफ्तार कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता दुर्गाप्रसाद पालीवाल कन्हैयालाल परमार, सय्यद मुशर्रफ हुसैन, अनवर खान, सय्यद नासिर अली, नितिन पालीवाल, अनोखी लाल बीजापारी, नारायण सिंह बीजापारी, रमेशचंद्र सोराट्रीय, असलम शिशगर, मकबूल मंसुरी जोरावर सिंह बीजापारी, विकास शर्मा हरखनखेड़ी सरपंच अवतार सिंह गुर्जर, के अलावा नगर के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रोजा इफ्तार किया और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। अंत में देश और समाज में शांति, सद्भाव और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई। यह आयोजन नगर में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बनकर सामने आया।







