इंजी. अतिवीर जैन ‘पराग’
(नया अध्याय, देहरादून)
सनातन संस्कृति, एकता, सद्भावना और सामाजिक एकता का त्यौहार है होली।
भारतीय संस्कृति में त्यौहारों का बहुत बड़ा महत्व है। सभी त्यौहार होली, दशहरा और दिवाली आसुरी शक्तियों पर विजय और धर्म की स्थापना के रूप में बनाए जाते हैं। ज्यादातर त्यौहार प्रकृति के अनुरूप बनाए जाते हैं। होली ऐसा ही एक त्यौहार है जो बसंत पंचमी से ही प्रारंभ हो जाता है। बसंत पंचमी के बाद से ही बच्चे और युवा होली जलाने के लिए होली स्थान पर होली का डंडा गाड़ देते हैं और लकड़ियां, उपले आदि इकट्ठा करना शुरू कर देते हैं।
होली का त्यौहार फागुन मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। उससे एक दिन पहले होलिका दहन किया जाता है, जिसे छोटी होली भी कहां जाता हैं। होलिका दहन से पहले समाज के सभी वर्गों की स्त्रियां पूजा की थाली लेकर एकत्रित की हुई लकड़ियों जिसे होलिका भी कहते हैं के चारों ओर घूम कर पूजा करती हैं। कलावा बाँधती हैं और उपलों की माला चढ़ाती हैं। मुहूर्त के समय पर पूजा कर होलिका दहन किया जाता है। जिसमें बच्चे और बड़े गेहूं और चने की बालियां भूनते हैं। इसलिए इस त्यौहार को होला भी कहा जाता है। कुछ लोग होलिका की अग्नि को अपने घरों में ले आते हैं। इस अग्नि से घर में चूल्हा जलाना शुभ माना जाता है। भुनी हुई गेहूं की बालियों को प्रसाद की तरह दाना निकाल कर खाया जाता है।
होलिका दहन के पीछे भारतीय शास्त्रों में जो कथा मिलती है उसके अनुसार प्राचीन काल में हिरण्यकश्यप नाम का एक असुर घमंडी राजा था, जिसने अपनी तपस्या से भगवान शिव से अपने आप को किसी के भी द्वारा ना मारे जाने का वरदान प्राप्त कर लिया था इसीलिए वो अपने आप को अजेय भगवान मानने लगा था। उसने अपने राज्य में भगवान का नाम लेने पर पाबंदी लगा दी। इसी का पुत्र प्रह्लाद था। वह ईश्वर का परम भक्त था। हिरण्यकश्यप ने अपने पुत्र को बहुत यातनाएं दी कि वह ईश्वर की भक्ति छोड़कर उसे ही ईश्वर माने पर वह नहीं माना। तब हिरण्यकश्यप ने अपनी बहन, जिसका नाम होलिका था, और जिसे वरदान प्राप्त था वह अग्नि में नहीं जल सकती थी, उसको प्रह्लाद को गोदी में लेकर अग्नि में बैठने का आदेश दिया। होलिका प्रह्लाद को गोदी में लेकर अग्नि में बैठ गई। उस अग्नि में होलिका तो जल गई परंतु प्रह्लाद का कुछ ना बिगड़ा। इस प्रकार यह त्यौहार होलिका के विनाश और प्रह्लाद की प्रभु भक्ति की याद दिलाता है। तब से ही होलिका जलाने की परंपरा चली आ रही है। हिरण्यकश्यप का वध भगवान ने नरसिंह का अवतार लेकर किया और इस प्रकार एक आसुरी शक्ति का अंत हुआ।
होलिका दहन से अगले दिन जिसे फागुआ या धुलेंडी भी कहा जाता है, होली खेली जाती है। बच्चे गुब्बारों में रंग पानी भरकर इकट्ठा कर लेते हैं और आते जाते लोगों पर फेंकते हैं। वही युवक, लड़कियां, महिलाएं, बुजुर्ग अपनी-अपनी टोलिया बनाकर गुलाल और रंग लेकर एक दूसरे को लगाते हैं। रिश्तेदारों के यहां जाकर रंग खेलते हैं। इस अवसर पर गुझिया, पापड़, दही- भल्ले, पकौड़ियां, कांजी यानि गाजर का पानी आदि का नाश्ता करते हैं। कुछ लोग इस अवसर पर भांग भी चढ़ा लेते हैं। लाल, नीले, पीले, हरे, गुलाबी रंगों से पुत जाने के कारण कई लोग पहचान में नहीं आते हैं। दोपहर तक होली का यह हंगामा चलता है और उसके बाद नहा धोकर खाना खाकर शाम को लोग एक दूसरे के घर होली मिलने जाते हैं। जगह-जगह होली मिलन के कार्यक्रम बसंत पंचमी के बाद से ही शुरू हो जाते हैं जो होली के बाद भी कई दिनों तक चलते हैं। होली के कार्यक्रमों में लोग इकट्ठे होकर गले मिलते हैं। फूलों की होली खेलते हैं। साहित्य, संगीत, कवि सम्मेलन ,हास्य व्यंग्य, चुटकले का आनंद लेते हैं।
ब्रज में होली का अलग ही महत्व है। बृज की होली भारत ही नहीं पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। इसे देखने के लिए देश विदेश से लाखों पर्यटक आते हैं और आनंद लेते हैं। बृज की होरी बसंत पंचमी से प्रारंभ होकर रंगपंचमी तक चलती है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना और गोकुल पर्वराज बसंत पंचमी से होली की मस्ती में डूब जाता है। रंगों और टिशु के फूलों के बड़े-बड़े टब भरकर रख लिए जाते हैं और हर आते आते व्यक्ति को उसमें डुबाया जाता है। तरह-तरह के रंग लगाए जाते हैं और खूब गुलाल उड़ाया जाता है। पूरे ब्रज में इतना गुलाल उड़ता है कि सारी सड़कें, गली, मोहल्ले गुलाल से सराबोर हो जाते हैं। ब्रज की लठमार होली आज भी प्रसिद्ध है। राधा रानी बरसाने की थी और कृष्ण जी गोकुल के। होली पर कृष्ण जी अपने ग्वालों मित्रों के साथ होली खेलने के लिए बरसाने जाते थे,राधिका और गोपियों पर रंग डालते थे। राधिका और गोपियों लठमार-कर इनको भगाती थीं और इन पर रंग बरसाती थी।यह परंपरा आज भी चली आ रही है। आज भी गोकुल से हुर्रियारे बरसाने जाकर वहाँ की गोपियों से रंग खेलते हैं। उन्हें पिचकारियों से भिगोते हैं तो वहीं बरसाने की गोपियां रस्सी और डंडों से इन ग्वालों की पिटाई करती हैं और इन्हें अपने पास आने से रोकती है। पूरे फाग माह में सभी मंदिरों में अलग-अलग दिन में अलग-अलग तरह के रंगो की छटा की सजावट होती हैं । राधा रानी और कन्हैया की मूर्तियों को सजाया जाता है। भक्ति नृत्य किए जाते हैं और पूरा वातावरण प्रेममय हो जाता है। जिसका देश और विदेश के पर्यटक भक्ति में डूब कर आनंद उठाते हैं।
वर्तमान में शहरों में फ्लैटों की सोसाइटियां बनने के कारण होली का स्वरूप कुछ बदलता जा रहा है। इन सोसाइटियों में 200 से 1000 तक फ्लैट होते हैं। एक छोटे गांव का स्वरूप इन फ्लैटों में दिखाई देता है। जिसमें सामूहिक रूप से होली मनाने की परंपरा चल पड़ी है।मुख्य रूप से रेन डांस होली सबसे ज्यादा लोकप्रिय हो रही है। इसमें पाइप लगाकर रंगीन पानी की बरसात होती हैऔर लोग भीगते हुए म्यूजिक पर सामूहिक डांस करते हैं। सामूहिक रूप से ठंडाई, गुझिया, चाट आदि की व्यवस्था होती है। होली के बाद सामूहिक रूप से खाने की व्यवस्था भी होती है। कॉलोनी के बच्चों और महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाते हैं। इस प्रकार समाज में बिना जातिगत भेदभाव के एकता का संदेश जाता है। होली वास्तव में भारतीय सनातन संस्कृति की एकता का व्यवहारिक स्वरूप और प्रतीक है।
होली के त्योहार पर लोगों में किसी प्रकार का भेदभाव ऊँच नीच नहीं रहती। बिना किसी जाति और धर्म के भेदभाव के एक दूसरे के रंग लगाते हैं। भारतीय संस्कृति के सभी त्योहार समाज़ में एकता, समानता और सद्भावना की स्थापना करते हैं। होली वास्तव में प्यार का त्यौहार है जो आपसी प्रेम और एकता का संदेश देता है। (विभूति फीचर्स)







