लेखक सुमन कुमार
(नया अध्याय, देहरादून)
पुस्तक समीक्षा
सम्राट समीर
___’अब न अँगूठा छाप’ एक सार्थक-सोद्देश्य संकलन__
लघुकथा समय की माँग है। लघुकथा में क्षिप्रता, शिष्ठुपन प्रधान गुण और मानकता है। कम शब्दों में बड़ी बात कहने की सामर्थ्य रखती है- लघुकथा। युवा लघुकथाकार सुमन कुमार की पुस्तक ‘अब न अँगूठा छाप’ में सारी लघुकथाएँ सोद्देश्य हैं। 36 लघुकथाओं का संकलन है यह। समाज में घटित लगभग सभी समस्याओं का उद्घाटन है।
उत्पीड़न, शोषण-दोहन, शैक्षणिक भ्रष्टाचार, सत्तात्मक भोग ये कुछ मुख्य विषय हैं- प्रस्तुत पुस्तक के। और केंद्र में हैं- घर-परिवार, समाज, राजनीति, शैक्षिक संस्थान। इन सब का पर्दाफाश करते हुए उनका बेहतर तरीके से समाधान प्रदर्शित किया गया है। इनका बहुत संजीदगी एवं ढंग से समाधान की प्रस्तुति है।
पहली शीर्षक लघुकथा ‘अब न अँगूठा छाप’ निरक्षरता को बेंधती है, जिसमें कथानायिका बुढ़िया इस बार अँगूठा लगाने के स्थान पर दस्तखत करती है। ‘बूढ़े होते हाथ’ बाल मजदूरी को खत्म करते बात कहती है। ‘बेटे होकर…’ में पारिवारिक संवेदना दिखती है। ‘फर्क की संवेदना’ समाज के दो वर्गों की सोच को बताती है। वहीं ‘कला की कीमत’, ‘भूख’, ‘माँ का दिल’, ‘चोर कौन’, ‘आवश्यक’ लघुकथाओं में क्रमशः कलाकार की दयनीय स्थिति, बाल मजदूरी, माँओं की ममता, भ्रष्ट अफसरों, पत्रकार की भूमिका और संवेदना की बातें कही गईं हैं। और इनका राष्ट्र और समाजोपयोगी उत्तर हैं, समाधान हैं।
युवा लेखक सुमन कुमार ने समाज को हरेक नजरिए से देखा है। इनकी लेखनी में संवेदना भरपूर है। प्रसिद्ध साहित्यकार भगवती प्रसाद द्विवेदी ने स्नेहाशीष में कहा है- ‘सुमन कुमार के लघुकथा-लेखन की खासियत यह है कि वह बिना किसी लाग-लपेट के सामाजिक विसंगतियों-विद्रूपताओं पर रोशनी डालते हैं और सहज ढंग से विरोधाभास अथवा अंतर्विरोधों पर करारा व्यंग्य भी करते हैं।’
वहीं लघुकथाकार, साहित्यकार वीरेंद्र कुमार भारद्वाज ने अपनी भूमिका में कहा है- छात्र-जीवन जी रहे लघुकथाकार ने शिक्षा-संबंधित बहुत सारी बातें, समस्याओं, परेशानियों, भ्रष्टाचारों को अपने लेखन में महत्त्वपूर्ण स्थान दिया है। लघुकथाएँ सार्थक-सोद्देश्य हैं।’
सुमन कुमार की लघुकथाएँ समाज की विषम परिस्थितियाँ एवं सच्चाई को बखूबी बयाँ करती हैं। अभी विद्यार्थी-जीवन जी रहे हैं, तो स्वाभाविक है कि लेखनी में शिक्षा-संबंधित बातें आएँगी। एक-एक लघुकथा को लिखने में लेखक ने जो भरपूर मेहनत की है, उसका परिणाम ‘अब न अँगूठा छाप’ पुस्तक में दिख रहा है। अगर पाठकों को अच्छी और बेहतरीन लघुकथाओं की तलाश है, तो यह पुस्तक आपको पढ़नी चाहिए। मैंने जो रसास्वादन किया है, उम्मीद है आप पाठकों को भी लघुकथाओं में वैसा स्वाद मिलेगा।
लेखक सुमन कुमार को पुस्तक ‘अब न अँगूठा छाप’ के लिए ढेरों बधाइयाँ!
पुस्तक: अब न अँगूठा छाप
लघुकथाकार: सुमन कुमार
प्रकाशन: कौस्तुभ प्रकाशन
समीक्षक: सम्राट समीर
प्रकाशन वर्ष: अक्टूबर 2021
मूल्य: 100/- (सौ रुपये)
पृष्ठ: 48







