संवाददाता कानड़: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
1 करोड़ से अधिक की स्वास्थ्य बिल्डिंग का निर्माण कार्य बिना भूमि पूजन के शुरू।
नई बिल्डिंग के निर्माण पर आपत्ति जताई गई थी और इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की गई थी।
कानड़: नगर में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। नवीन बस स्टैंड के पीछे टीलर कॉलोनी क्षेत्र में करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से अधिक की नई स्वास्थ्य बिल्डिंग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जबकि हैरानी की बात यह है कि अब तक इसका भूमि पूजन तक नहीं कराया गया।
जानकारी के अनुसार निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य तेजी से किया जा रहा है और बीम-कॉलम की खुदाई कर निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। आमतौर पर इस तरह के बड़े सरकारी निर्माण कार्यों से पहले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में भूमि पूजन कराया जाता है, लेकिन यहां बिना किसी औपचारिक कार्यक्रम के ही काम शुरू हो गया है। इससे नगर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
नगर में पहले से ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है, जहां करीब 84 गांवों के मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। हाल ही में यहां करीब 33 लाख रुपये की लागत से प्रयोगशाला (लेब) के लिए नई बिल्डिंग भी बनकर तैयार हो चुकी है, जिसका संचालन अभी शुरू होना बाकी है।
नगरवासियों की लंबे समय से मांग रही है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन किया जाए, ताकि यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था हो सके। इस मांग को लेकर पहले भी नई बिल्डिंग के निर्माण पर आपत्ति जताई गई थी और इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की गई थी।
इसके बावजूद नवीन बस स्टैंड के पूछे टीलर कॉलोनी में एक और नई बिल्डिंग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में बनाई जा रही है, जिससे लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि एक पहले से प्राथमिक स्वास्थ केंद्र बना हे। ऐसे में फिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन बनाने का क्या औचित्य है।
नप अध्यक्ष प्रतिनिधि ने दी सफाई
मामले में नप अध्यक्ष प्रतिनिधी बाबू लाल बीजापारी ने कहा कि फिलहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग बनाई जा रही है, जबकि भविष्य में बड़ी बिल्डिंग बनाकर इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन किया जाएगा। भूमि पूजन को लेकर कहा कि कार्य चालू करना था। इस लिए नहीं करवाया।
भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय से भूमि पूजन को लेकर बात की तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
रोगी कल्याण समिति सदस्य डी एस आर्य ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग बनने की जगह प्रथमिक की नवीन बिल्डिंग बन रही, कार्य चालू हो गया। लेकिन ठेकेदार एजेंसी ने भूमि पूजन तक नहीं करवाया। इतने बड़े कार्य का भूमि पूजन होना था।
फिलहाल बिना भूमि पूजन के शुरू हुए इस निर्माण कार्य और बीम-कॉलम की खुदाई के साथ तेजी से चल रहे काम को लेकर नगर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं लोग स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर स्पष्ट योजना की मांग कर रहे हैं।







