मीडिया प्रभारीः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय)
लोकसंस्कृति के अमर स्वर दीवान कनवाल के निधन से संगीत जगत शोकाकुल।
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक दीवान कनवाल के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उनके निधन से उत्तराखंड के लोकसंगीत और सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर व्याप्त है। संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण समिति, अल्मोड़ा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दीवान कनवाल जी का जाना केवल एक कलाकार का जाना नहीं, बल्कि पहाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की एक सशक्त आवाज़ का मौन हो जाना है।
दीवान कनवाल जी ने अपने मधुर स्वर और भावपूर्ण लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखंड की परंपराओं, संस्कृति और लोकजीवन की भावनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया। उनके गीतों में पहाड़ की मिट्टी की खुशबू, लोकजीवन की सादगी और संस्कृति की आत्मा बसती थी। उन्होंने अपने संगीत के माध्यम से लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य किया और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समिति के सदस्यों ने कहा कि उनका यह अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके गीत आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देते रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार और उनके चाहने वालों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।
इस अवसर पर समिति से जुड़े प्रकाश बिष्ट, दीप बिष्ट, ललित मोहन बिष्ट, नवीन आर्य, पान सिंह, नीरज चौहान, रवि चौहान, बेबी बरगली, प्रीति बिष्ट, बीना बिष्ट, राहुल, शेखर जोशी, मनोज कंवल, महिपाल मेहता, काजल, शुभम रौतेला, मयंक रौतेला, चंदन भैसोड़ा, साक्षी कठायत, तनीषा, अदिति, रुचि आर्या, गिरीश जोशी, नवीन पाठक आदि ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समिति ने कहा कि दीवान कनवाल जी का योगदान उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की अमूल्य धरोहर के रूप में सदैव याद किया जाएगा और उनका संगीत आने वाले समय में भी लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।








