संवाददाता आगर-मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
कलेक्टर प्रीति यादव ने पीएम श्री स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण।
आगर-मालवा: कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने बुधवार को पीएम श्री शासकीय स्कूल पालखेड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित मॉडर्न आईसीटी लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, साइंस लैब, ब्यूटी एंड वेलनेस लैब तथा ग्रीन गार्डन सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध डिजिटल संसाधनों की जानकारी लेते हुए इनके प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए चलाए जा रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा करते हुए अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के लिए विद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये। इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम पालखेड़ी एवं बड़गोन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से प्राप्त की तथा कुपोषित बच्चों की संख्या और उनके उपचार व पोषण सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध एलईडी टीवी को बच्चों के शैक्षणिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों के लिए नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार, स्वास्थ्य सेवाओं एवं टीकाकरण की स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद किया तथा उनसे कविताएं भी सुनी और उनका उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान बी.एस. सोलंकी, राजीव गुप्ता, संजय सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य के.एस. मालवीय एवं सरपंच गोवर्धन सिंह चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया।







