राजकुमार कुम्भज जवाहरमार्ग, इन्दौर।
(नया अध्याय, देहरादून)
________________________
युद्ध का अभिप्राय.
________________________
युद्ध का अभिप्राय
अज्ञान और अविश्वास तो है ही
सोची-समझी मूर्खता भी कुछ कम नहीं
जिसमें शामिल हो जाती है गाहे-बग़ाहे
मूर्खों की मूर्खतापूर्ण वह आज्ञाकारिता भी
जब कुछ अंधे,कुछ दूसरे अंधों को
बरबस ही दिखाने लगते हैं अंधी ऑंखें
जहाॅं छुपी होती है क्रूरताऍं और बर्बरताऍं
वे दोनों ही जो उजाड़ती हैं उजागरता से
वह सब,वह सच जो बसाती है कविता
बरसों बरस की यातनाओं से गुज़रते हुए
और होते हुए मनुष्य,सभी मनुष्यों के लिए
मुक्ति के अभिप्राय में.
____________________
हारते हैं वे भी.
____________________
जिद है जीतने की सभी को
मगर युद्ध में हारते हैं सभी के सभी
बुलंद नहीं हो पाती हैं बंदूकें और तोपें
बुलंद नहीं हो पाती हैं बारूदी लिखावटें भी
और बुलंद नहीं हो पाती हैं पत्थर-हरकतें
पानी मिटा देता है जिदें सभी और सबकी
शांति से ही सुलगाई जाती है आग कहीं भी
शांति से ही लिखी जाती हैं ऐतिहासिकताऍं
शांति से ही होती है हासिल ख़ुशबुऍं सब
भीतर ही भीतर शांति से चलते रहते हैं युद्ध
दुनिया भर में, दुनिया भर की शांति के लिए
हारते हैं वे भी, वे भी हर किसी युद्ध में
जो कहलाते हैं विजेता.
____________________
कविता अब भी संभावना है.
____________________
सिर ऊपर चल रहा है जो
पाताल की गहराइयों तक जा गिरेगा
मरेगा एक दिन कुत्तों की मौत मरेगा
न तो पहला है और न अंतिम युद्ध है ये
युद्ध-दर-युद्ध होते रहे हैं, होते रहेंगे
मिटते रहे हैं, मिटाते रहेंगे घर पक्षियों के
जलते रहे हैं,जलते रहेंगे तक्षशिला
फिर भी, फिर-फिर उड़ेंगी,उड़ती रहेंगी पतॅंगें
और लिखने वाले लिखते रहेंगे कविताऍं
कविता अब भी संभावना है.
____________________







