सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा/राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, देहरादून)
लेख –
जीवन को नया रूप देकर सूर्य की तरह उगो, चमक उठो, आगे बढ़ो, हार ना मानो !
—सुश्री सरोज कंसारी
_________________________________________
काव्य
“जीवन को नव-रूप दें, सूर्य बनकर चमकें,
आंधियों में भी बनें दिया, हार कभी न मानें।”
यह संसार के सब सांसारिक लोगों ने इस जिन्दगी को मंजिल समझते हैं पर,वास्तविकता जीवन की यह है कि ये कोई मंजिल नहीं, बस एक यात्रा है कुछ रोज़, अविरल नया करने, सीखने की, और इस यात्रा में हर पल को जीने की, हर अनुभव को अपनाने की, और खुद को पहले से बेहतर बनाने की, अपने अस्तित्व को पूर्ण करने की, और इस अनंत प्रवाह में अपनी एक सार्थक उपस्थिति दर्ज करने की।
अपने जीवन को कैसे नया रूप दें और खुद को एक और अवसर दें। वैसे तो जीवन में हर क्षण एक नयापन होता है। जीवन संघर्ष से कभी हम निखर जाते हैं, कभी बिखर जाते हैं। हर पग पर एक अजीब मोड़ होता है। सुख-दुख का प्रवाह जीवन में हर पल होता है।
जीवन एक यात्रा है, और हम सबकी आत्मा एक यात्री है…स्वयं के अंतर्मन को समझने का प्रयास करेंगे, तो खुश रहेंगे। इस यात्रा में हर पल एक नया अनुभव है, हर अनुभव एक सीख है,और हर सीख हमें अपने लक्ष्य के करीब ले जाती है।
एक समय ऐसा भी आता है जब लगता है कि इस निराशापूर्ण स्थिति से बाहर आना जरूरी है। दर्द से कराहते जीवन को सुखद पल की तलाश होती है। अपने व्यथित मन को खुशियों से भर देने की चाह ही हमें विस्तार देती है।
इस सांसारिक जीवन की उलझन में खुद की मन: स्थिति को समझने का समय नहीं निकाल पाते। बस भाग-दौड़ते जीवन में आज हर मन बोझिल है। काम, क्रोध, मद, माया, लोभ, मोह, ईर्ष्या, द्वेष, छल-कपट इस कदर हावी हैं कि सात्विक जीवन हम नहीं अपना पा रहे।
रिश्ते-नाते से बंधे मनुष्य जीवन में हर पल चुनौतियाँ होती हैं। जीवन में जब समस्याओं की अधिकता होती है, तो सहज ही घबराहट होती है। समय के साथ मासूमियत और चंचलता खो जाती है। जीवन में जब स्वार्थी, चालाक और षड्यंत्रकारी लोगों से भावनाएँ आहत होती हैं, तो सरल और चंचल मन भी गंभीर हो जाता है।
जब आप अपने मन के साथ संघर्ष करते हैं, तो आप अपने मन को मजबूत बनाते हैं। इसका मतलब है कि मन के साथ लड़ना नहीं चाहिए, बल्कि मन को समझना और जानना चाहिए। मन को समझने का अर्थ है उसके विचारों को पहचानना, भावनाओं को स्वीकार करना, और उसके पीछे के कारणों को ढूंढना। जब हम मन को समझते हैं, तो हम उसके साथ एक हो जाते हैं, और वही एकता हमें सच्ची शांति और शक्ति देती है।
अस्थिर मन कुछ कहने, करने, सहने और सुनने की स्थिति में नहीं होता। अंदर की व्याकुलता हमें एक नए सफर के लिए प्रेरित करती है। अब तक जो किया, जो हुआ, जिसमें आप कभी मानसिक शांति नहीं पा सके, इसका सीधा अर्थ है कि अब खुद की भावनाओं, कार्य, व्यवहार और सोच में परिवर्तन की जरूरत है।
खुद के जीवन को रिसेट करके बोझिल जीवन शैली में नई ताजगी ला सकते हैं। जरूरत है अपने चिंतित, संकुचित और निराश जीवन में उत्साह, प्रेम और जिज्ञासा भरने के लिए सब कुछ भुलाकर एक प्रयास करने की। खुद को निखारने और दर्द भूलकर आगे बढ़ने के लिए अपने दिल की गहराई में छुपे साहस को जागृत कीजिए।
अब आगे जाने के लिए, कुछ बेहतर पाने के लिए पीछे जो छूट गया, उस अफसोस से निकलना जरूरी हो जाता है। अपने जीवन में होने वाली हर एक क्रिया-विधि के प्रति सकारात्मक चिंतन कीजिए। उन बातों से पूरी तरह दूर हो जाइए, जिनकी वजह से आप एक सीमित दायरे में रहें, अपनी ख्वाहिश पूरी नहीं कर पाएं, खुलकर जीवन नहीं जी पाएं, मानसिक तनाव से ग्रसित रहें और अपनी योग्यता को प्रदर्शित नहीं कर पाएं।
जिनसे कभी आत्मीय भाव नहीं मिला, जो कभी आपकी भावनाओं का सम्मान नहीं किए, आपसे छल, धोखा, षड्यंत्र और चालाकी किए, उनसे दूर रहिए।
खुद को रिसेट करने का अर्थ है दर्द से आगे निकलना और खुद की सोच, कार्य और व्यवहार का सूक्ष्म मूल्यांकन करना। अपनी कमियों पर गौर करना, उसे सुधारना, गलत लोगों की संगति से दूर रहना, आत्म-शुद्धि के कार्य करना, खुद में साहस भरना, गलतियों को सुधारना, अपने आप को शांत, सुखी और समृद्ध करने और व्यक्तित्व के विकास के लिए संकल्पित होना।
चरित्र निर्माण करने, मानवीय मूल्यों को हृदय में धारण करने और सुखद एहसासों के स्पर्श के लिए, समय-समय पर अपनी जीवन शैली को रिसेट करना आवश्यक है। अंतरयुद्ध को दूर करने, स्वस्थ मानसिकता के विकास, जीवन की खूबसूरती को देखने, नवीनता को ग्रहण करने, नई ताजगी, राह और मंजिल को पाने के लिए जरूरी है।
उन बातों को यादों और लोगों को अपने मन-मस्तिष्क से पूरी तरह हटा दें जो आपको तकलीफ दे और…नए सिरे से अपने जीवन की सुखद और पूर्ण उत्साह से शुरुआत करिए। अपनी संकुचित और उदास भावनाओं का अंत कर नया जोश और सोच उत्पन्न करिए। अपनी दुखद जीवन शैली को बदलिए और अपने जीवन को नया आकार दीजिए।
इस संसार में मानव एक यात्रा पर हैं, जहाँ जन्म और मृत्यु के बीच का सफर अनवरत चलता रहता है। साहित्य इस यात्रा का साक्षी है, जो समय की सीमाओं को पार कर हमारी आत्मा को अमर बनाता है। मानव आते-जाते रहते हैं, लेकिन साहित्य की धरोहर अनंत काल तक जीवित रहती है, हमारे अनुभवों और विचारों को पीढ़ियों तक पहुँचाती है।
अंतर्मन का स्वर्ग वह स्थान है जहाँ मन भय से आजाद हो जाता है और इंसान अपने सिर को गर्व से ऊँचा रखता है…आत्मविश्वास और स्वतंत्रता से भरा जीवन ही वास्तविक स्वर्ग है।
दरअसल, जीवन का सबसे बड़ा सुख यही है कि हम अपने भीतर की सीमाओं को पार कर जाएं और एक ऐसे मुकाम पर पहुंचें जहाँ न कोई भय है, न कोई तुलना, और न ही कोई दबाव। जब हम अपने अंतर्मन में झांकते हैं और अपने सच्चे स्वरूप को पहचानते हैं, तभी हमें पता चलता है कि स्वर्ग कहीं बाहर नहीं, बल्कि हमारे भीतर ही बसता है।
एक दीपक की भाँति अपने अंधेरे को दूर कर प्रकाश फैलाता है, वैसे ही हम भी अपने भीतर के भय और संदेह को दूर कर एक उज्ज्वल जीवन की ओर बढ़े चले जाते हैं। सबको यही सिखाता रहेगा…सुख बाहरी परिस्थितियों में नहीं, बल्कि हमारी अपनी मानसिकता और आत्मविश्वास में है।
_________________________________________







