डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
दोहे (हनुमत वंदन)
हनुमत वंदन सब करें, निश्चित हो कल्याण।
हरें कष्ट हनुमान जी, कहते वेद – पुराण।।
राम-भक्त हनुमान जी, हैं अंजनि के लाल।
लाल सूर्य को देखकर, गए लील रवि बाल।।
रावण की लंका जला, लिए सीय को खोज।
संकट को काटें यही, यदि हो सुमिरन रोज।।
पवन-पुत्र हनुमान जी, को पूजे संसार।
इनके पूजन मात्र से, होता रिपु-संहार।।
बल-पौरुष देते यही, हरते बुद्धि-विकार।
हनुमत वंदन से मिले, मन को हर्ष अपार।।
इनके ही उर में बसे, राम-सीय का रूप।
धन्य-धन्य हे पवन-सुत, सेवक राम अनूप।।
करें अंजनीलाल की, सब जन मिल जयकार।
अर्चन-पूजन साथ में, तजकर सब तकरार।।
**********************************
रिम-झिम बरसात
रिम-झिम हो बरसात,
नहीं पिया यदि साथ-कहो, क्या रह पाओगे?
सावन की हो रात,
नहीं पिया यदि साथ-कहो, क्या रह पाओगे?
मेघ-गरजना से दिल दहले,
बिजली आँख मिचौली खेले।
लिए विरह-आघात-कहो, क्या रह पाओगे?
धरती ओढ़े धानी चुनरिया,
बलखाती-इठलाती गुजरिया।
वन-उपवन भरे पात-कहो, क्या रह पाओगे?
सन-सन बहे पवन पुरुवाई,
कारी बदरिया ले अँगड़ाई।
सिहर उठे तन-गात-कहो, क्या रह पाओगे?
बस्ती-कुनबा, गाँव-गलिन में,
बाग-बगीचा, खेत-नदिन में।
क़ुदरत की सौगात-कहो, क्या रह पाओगे?
अनुपम प्रकृति-प्रेम-रस बरसे,
निरखि-निरखि जेहि हिय-चित हर्षे।
विह्वल मन न आघात-कहो, क्या रह पाओगे?







