सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय)
चन्द्रशेखर महादेव मंदिर में कथा श्रवण को उमड़ा श्रद्धा का सैलाब।

ऊखीमठः बाबा शिव गिरी महाराज व स्थानीय जनता के सहयोग से चन्द्रशेखर महादेव मंदिर सौडी में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत एवं श्रीराम कथा के आठवें दिन धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य अर्जित किया तथा पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा। कथा के आठवें दिन कथावाचक पण्डित संजय कृष्ण महाराज ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामचन्द्र की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए उनके आदर्श जीवन, सत्यनिष्ठा, त्याग और धर्म के प्रति अटूट आस्था को मानव जीवन के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी मर्यादा और कर्तव्य पालन का मार्ग दिखाता है। वहीं कथावाचक विजय बेजवाल ने श्रीमद् देवी भागवत कथा के माध्यम से भगवती की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने देवी शक्ति को सृष्टि की आधारशिला बताते हुए कहा कि माता की आराधना से व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है। कथा के दौरान भक्तगण भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में बाबा शिव गिरी महाराज की विशेष उपस्थिति ने श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं और लोगों को धर्म व संस्कृति से जोड़ते हैं। कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कथा का श्रवण किया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
नौ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के चलते पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। कथा में शामिल जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है । पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों के आयोजन से आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम के सफल संचालन में स्थानीय युवाओं और महिला मंगल दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने मिलकर आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग प्रदान किया । कथा में सुनील प्रसाद गौड़, विजय प्रकाश डिमरी, सौरभ तिवारी के वेद ऋचाओं से सम्पूर्ण भूभाग गुंजायमान बना हुआ है जबकि दिनेश प्रसाद बेजवाल, राजराम बडोनी, कौशिक पंत व सुनील शुक्ला द्वारा संगीत पर साथ दिया जा रहा है। इस मौके पर त्रिभुवन चौहान, अनिल जिरवाण, धर्मेंद्र बर्त्वाल, शिवराज सिंह भण्डारी, भूपेन्द्र नेगी, रजपाल कण्डारी, मातवर बडियारी, प्रकाश नेगी, आशुतोष नेगी, विक्की आनन्द, तेज सिंह रावत, बलदीप कण्डारी, विनोद बिष्ट, प्रमेन्द्र रावत, विपिन भट्ट, सोहन सिंह चौधरी सहित सौडी, गिवाला व केदार घाटी के विभिन्न गांवों के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।









