संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय)
कन्नौज में अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर सख्ती, पुलिस का विशेष अभियान।
कन्नौज: जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में शनिवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
क्षेत्राधिकारी छिबरामऊ सुरेश कुमार के नेतृत्व में खनन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर सघन जांच की। इस दौरान ओवरलोडिंग कर रहे वाहनों को रोककर उनकी जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहन संचालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







