अदिती कुशवाहा
बैकुंठपुर (कोरिया), छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मेरी “माँ का सौंदर्य”
माँ,
तुम हो तो हम हैं,
तुम हो तो पिता के सपने हैं।
तुम्हारी दुआओं में
हमारी मुस्कान बसती है।
तुम हँसती हो,
पर मैं जानती हूँ—
उस हँसी के पीछे
कितने दर्द छुपे होते हैं।
ये सच है कि माँ,
तुम प्रेम के रस से घुली हो,
पर जिम्मेदारियों के बोझ से
अक्सर दबी होती हो।
खुद टूटकर भी
हमें संभाल लेती हो,
खोने से पहले ही
हर खुशी दिला देती हो।
अपने आँसुओं को छुपाकर
हम पर प्यार लुटा देती हो,
अपनी मुस्कान के पीछे
हर पीड़ा जला देती हो।
अपनी आँखों में आँसू लेकर भी
हमें जीने की राह दिखा देती हो।
सच कहूँ माँ—
“माँ” शब्द का अर्थ
तुम अपने किरदार से
हर रोज समझा देती हो…







