सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/ कवयित्री/शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा राजिम (रायपुर, छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
लेख –
ऊर्जा वहीं लगाओ जहाँ तुम्हारा नियंत्रण है, अच्छाई का हिसाब आईने से करो
-सुश्री सरोज कंसारी
दिखावे की भलाई व्यर्थ है, भले ही यहाँ अच्छाई के बदले अधिकतर बुराई मिलती है। हमें मौन नहीं होना है। अच्छाई दुनिया की वाहवाही के लिए नहीं, बल्कि अपनी आत्मा की शांति व अंधेरे को मिटाने के लिए की जाती है।
——————————————————–
बाहरी परिस्थितियों या दूसरों को बदलने की कोशिश छोड़ दें। अपनी आत्मा, विचारों और स्वभाव को सुधारते-संवारते जाइए। मन के उन विचारों को खाली कर दो जो तुम्हारी मानसिक शांति नष्ट करते हैं। अनावश्यक विचारों का बोझ ढोकर मन को थकाओ मत। दुखद स्थिति में मन की कल्पनाएं कोरी न रहने दो। याद रखो, समय के साथ सब बह जाएगा। ज्यादा सोचने की बजाय हकीकत का सामना करो। जब यह समझ जाते हैं कि जाना तय है, तब मानव जीवन की महत्ता और बढ़ जाती है। हमें यह समझने का अवसर मिलता है कि यह जीवन एक निश्चित समय के लिए मिला है, जिसका हर क्षण कीमती है।
अपनी समस्त ऊर्जा सार्थक कार्यों में लगाओ। कर्मों का लेखा जोखा हो तो अपने किए पर कभी शर्मिंदा न होना पड़े। जिस पर तुम्हारा नियंत्रण ही नहीं, उस पर ऊर्जा व्यर्थ मत करो। जो कर सकते हो उस पर ध्यान देकर इस जीवन को अमूल्य बनाओ। अपनी आंतरिक स्थिति का मूल्यांकन करो। जो पास नहीं है, बीत गया है या पाना संभव नहीं, उस तरफ ध्यान देने की बजाय जो है उसे महत्व दो। जो तुम्हारे वश में है उस पर मेहनत करो।
दूसरों को देखकर जलने, तुलना करने, बदला लेने में समय व्यर्थ मत करो। खुद में क्या है, उसे देखो। अपनी शक्ति, सामर्थ्य और व्यवहार को परोपकारी कार्यों में लगाओ। अपनी बुराइयों पर तुम्हारा पूर्ण नियंत्रण हो सकता है। मित्र, परिवार, प्रियजनों पर पूरी तरह निर्भर रहना उचित नहीं। सहयोग दो, साथ निभाओ, लेकिन वे जीवन भर तुम्हारे प्रति वफादार रहेंगे यह जरूरी नहीं। समय के साथ बदल जाना मनुष्य का स्वभाव है। हम किसी को अपने अनुकूल रहने के लिए मजबूर नहीं कर सकते।
मन को चिंता का केंद्र मत बनाओ। बीती बातों पर ज्यादा सोचने से सिर्फ समय बर्बाद होता है। कई बार हम बेवजह भटकते हैं और तकलीफ पाते हैं ऐसे काम करके जो न सही हैं न जरूरी। जैसे किसी से जलना, नफरत करना, क्रोध करना, शिकायत करना, अतीत की दुखद घटनाओं को याद करना, बुरी कल्पना करना, डरना, शक करना, गलती स्वीकार न करना। ये सब जानबूझकर की गई गलतियां हैं जिनकी सजा हम खुद पाते हैं। जो परिस्थिति हमारे नियंत्रण से बाहर हो, वहां समय और ऊर्जा खर्च करने से हम कई अच्छे अवसर खो देते हैं। पछतावा होता है। समय दोबारा मौका नहीं देता और योग्यता होते हुए भी हम उसे समय पर निखार नहीं पाते।
जब अपनी सामर्थ्य और शक्ति सही जगह लगाते हैं, तब आत्मबल बढ़ता है। मन में सुकून होता है और निरंतर आगे बढ़ने की चाह बढ़ती है। दूसरों की जिंदगी में ज्यादा रुचि लेने, समय का महत्व न समझने, बिना सोचे बोलने, बकवास और बहस करने से हम एकाग्र नहीं हो पाते। खोकर खुद को पाना मुश्किल है, इसलिए सही कार्यों में मन लगाओ।
कभी कभी हम निरर्थक चिंताओं का बोझ दिमाग में इतना भर लेते हैं कि जो सामने है उसे देख ही नहीं पाते। खुद पर ध्यान नहीं दे पाते। अपनी जिंदगी जी नहीं पाते क्योंकि अधिकतर समय हम यह देखने में लगा देते हैं कि दूसरों की जिंदगी में क्या हो रहा है। क्या कर सकते हो, यह जानकर अपने उद्देश्य को पूरा करने में ध्यान दो। कोई भी काम हो, उसे पूर्ण करने की कोशिश करो, अधूरा मत छोड़ो। जिस काम को नहीं कर सकते या जिसे बदलना संभव न हो, उस पर दिमाग मत लगाओ। सभी की अपनी सोच होती है। कोई हमसे कैसा बर्ताव कर रहा है, यह उनकी समझदारी है। पर हम खुद को सही दिशा और प्रेरणा दे सकते हैं। हम अपनी बात सुन समझ सकते हैं, अपने दिल का कहना मान सकते हैं। कोई हमें समझे, जाने और महसूस करे, इसके लिए सभी स्वतंत्र हैं। किसी पर हम जबरदस्ती नहीं कर सकते। ये देह एक सराय और आत्माऐं एक मुसाफिर है। सराय कितनी भी सुंदर हो, ठहराव क्षणिक है। जो बीत गया वह स्मृति है, जो आने वाला है वह कल्पना। आपके पास केवल यह पल है, और यह पल ही शाश्वत है। इसे व्यर्थ की चिंताओं में जलाकर राख मत करें । दीपक आशा के जालाये रखना होगा।
ये दुनिया को दिखाने के लिए अच्छा बनने का बोझ मत उठाओ। अपना काम चुपचाप करते रहो। आज के दौर में जितना झुकोगे, लोग उतना ही रौंदेंगे। यहाँ धन्यवाद कम मिलता है, इल्ज़ाम अधिक। यदि सिक्के का दूसरा पहलू मत भूलो। यदि हर आदमी यह सोचकर खामोश हो जाए कि समाज संवेदनहीन है, तो सवेरा कौन लाएगा? याद रखो, अच्छाई तालियों के लिए नहीं होती। उसका वज़न खुद में होता है। वो दूसरों को दिखाने के लिए नहीं, स्वयं को आईना दिखाने के लिए होती है।
——————————————————-







