संवाददाता कानड़: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मेडिकल स्टोर बंद, कानड़ में भी दिखा असर।
कानड़: अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री एवं होम डिलीवरी के विरोध में बुधवार को प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत कानड़ सहित जिलेभर में मेडिकल स्टोर्स बंद रहे। एक दिवसीय सांकेतिक बंद के कारण नगर में सभी मेडिकल दुकानें पूरे दिन बंद रहीं, जिससे दवा लेने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग मेडिकल स्टोर बंद मिलने पर निराश होकर लौटते नजर आए। हालांकि सरकारी अस्पतालों में निशुल्क दवा वितरण केंद्र खुले रहे और मरीजों को उपचार के बाद दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मेडिकल संचालकों ने बताया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श एवं ई-प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की बिक्री जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। साथ ही भारी छूट एवं प्रिडेटरी प्राइसिंग के कारण छोटे दवा व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 एवं नियम 1945 में ऑनलाइन दवा बिक्री का स्पष्ट प्रावधान नहीं होने के बावजूद लंबे समय से ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री की जा रही है। इससे नकली एवं अवैध दवाओं के आम लोगों तक पहुंचने की आशंका बनी रहती है।
इस दौरान व्यापारियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने, बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन दवा वितरण पर रोक लगाने तथा संबंधित अधिसूचनाओं को वापस लेने की मांग की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे आंदोलन और तेज किया जाएगा।







