✍🏿 आशीष त्रिवेदी, मुजफ्फरपुर
(नया अध्याय, देहरादून)
एक शब्द, हजारों मीम्स और सियासत: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का डिजिटल विस्फोट।
👉🏿 अदालत की टिप्पणी से उठा ट्रेंड क्या भारत की नई आक्रामक डिजिटल राजनीति की झलक है?
एक शब्द “कॉकरोच”और देखते ही देखते वह भारतीय राजनीति के डिजिटल रणक्षेत्र में एक हथियार बन गया। सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी से निकला यह शब्द सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” के रूप में जिस तेजी से फैला, उसने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आज की राजनीति में नैरेटिव अब बनते नहीं, बल्कि गढ़े जाते हैं?
अदालत से अल्गोरिद्म (एल्गोरिद्म) तक कैसे बना ट्रेंड:
न्यायमूर्ति सूर्यकांत की टिप्पणी सामान्य परिस्थितियों में शायद कुछ समय की चर्चा बनकर रह जाती। लेकिन डिजिटल दौर में ‘सामान्य’ अब अपवाद बन चुका है। जैसे ही यह शब्द सोशल मीडिया पर पहुंचा, उसने मीम्स, हैशटैग और व्यंग्य के रूप में विस्फोटक विस्तार लिया। कुछ ही घंटों में यह ट्रेंड केवल एक मज़ाक नहीं रहा यह एक राजनीतिक संकेत बन गया।
वायरल या व्यवस्थित?:
सवाल ये है कि इस ट्रेंड का फैलाव जितना तेज़ था, उतना ही संगठित भी नजर आया।
एक जैसे हैशटैग, मिलते-जुलते मीम्स, और अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर लगभग एक ही समय में उभार ये सभी संकेत उस डिजिटल इकोसिस्टम की ओर इशारा करते हैं, जहां ‘वायरल’ होना अब केवल संयोग नहीं, बल्कि रणनीति भी हो सकता है। लेकिन तस्वीर पूरी तरह एकतरफा नहीं है। डिजिटल स्पेस में अक्सर कोई मुद्दा स्वतः जन्म लेता है, और फिर संगठित समूह उसे अपने हितों के मुताबिक दिशा दे देते हैं। “कॉकरोच जनता पार्टी” का मामला भी इसी मिश्रित मॉडल की ओर इशारा करता है।
राजनीतिक आरोप,तथ्य या नैरेटिव का हिस्सा?:
ट्रेंड के उभार के साथ ही आरोपों का दौर शुरू हुआ। कुछ विश्लेषकों ने दावा किया कि इस ट्रेंड को बढ़ाने में आम आदमी पार्टी से जुड़े अकाउंट्स सक्रिय थे। हालांकि, इस दावे के समर्थन में अब तक कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है। यहां महत्वपूर्ण यह है कि डिजिटल राजनीति में आरोप भी उतनी ही तेजी से फैलते हैं, जितनी तेजी से ट्रेंड—और कई बार वे खुद एक नए नैरेटिव का हिस्सा बन जाते हैं।
अल्गोरिद्म (एल्गोरिद्म) की अदृश्य शक्ति:
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे निर्णायक भूमिका सोशल मीडिया एल्गोरिद्म की रही। ये एल्गोरिद्म उसी कंटेंट को आगे बढ़ाते हैं, जो ज्यादा भावनात्मक, तीखा और शेयर करने में आसान हो। “कॉकरोच जनता पार्टी” में व्यंग्य था, आक्रोश था और सरलता भी यानी वायरल होने के सारे तत्व मौजूद थे। और डिजिटल मंच पर गूंजता हुआ लाखों लोगों तक पहुंच गया। इसके साथ साथ हर शेयर के साथ और मजबूत होता गया।
स्क्रीन बनाम सड़क एक नया रणक्षेत्र:
यह घटना एक गहरे बदलाव की ओर संकेत करती है। राजनीति अब केवल सड़कों, रैलियों और मंचों पर नहीं लड़ी जा रही यह स्मार्टफोन की स्क्रीन पर तय हो रही है। एक टिप्पणी मीम बनती है, मीम जनमत बनाता है, और जनमत अंततः राजनीतिक दबाव में बदल जाता है।
असली खेल क्या है?
तो क्या “कॉकरोच जनता पार्टी” जनता की स्वतः प्रतिक्रिया है? या फिर यह एक सुनियोजित डिजिटल अभियान? शायद दोनों नहीं या शायद दोनों ही। सच्चाई इस धुंधले क्षेत्र में छिपी है, जहां एक वास्तविक घटना को एल्गोरिद्म की गति और राजनीतिक हितों की दिशा मिलती है।
सीमावर्ती देशों में जब इस तरह की जेजी अभियान सत्ता को हिलाकर रख दिया तो ऐसे में भारत में लोगों के बीच अब एक ही सवाल है कल की राजनीतिक बहस किस दिशा में जाएगी।







