सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री व अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
विवेक के साथ अपना कर्तव्य निभाएं, जीवन को पूरी तरह जीना न भूलें। हमेशा जिंदादिली से जिएं!
– सुश्री सरोज कंसारी
================================
कर्म किए जा हे मनुज तू,
मन को स्वयं के पावन रख।
मन निर्मल तो जग निर्मल है,
जीवन का तू सुख चख।
प्रत्येक मनुष्य को ज़िन्दगी में अविरल कर्म करते रहना चाहिए, क्योंकि कर्म ही जीवन का आधार एवं पूजा है। कर्म मग पर आगे बढ़ते समय यह आवश्यक है कि सभी अपने मन को हमेशा निर्मल-स्वच्छ-पावन बनाकर रखें। जब हमारा मन भीतर से स्वच्छ, शांत और छल-कपट से मुक्त रहता है, तब हमारे विचार और दृष्टिकोण भी बदल जाते हैं। मन की इस निर्मलता के कारण जीवन में होने वाली हर परिस्थिति अनुकूल लगने लगती है और हमारे साथ सब कुछ शुभ और सकारात्मक होने लगता है।…ये ज़िंदगी लघु एवं अतीव अनमोल है, उत्तरदायित्व विशाल। स्मरण रखें! जीवन की इस यात्रा में सज्जन, सत्यनिष्ठ, ईमानदार और वफादार बने रहना ही धर्म है। मर्यादा में रहना प्रत्येक के लिए अनिवार्य है। संघर्ष की आँधियों में भटकते चित्त को सदैव एकाग्र रखो।…केवल सरलता, सहजता, समझौते की प्रवृत्ति, संस्कार और मित्रभाव से जीवन नहीं कटता। काल और परिवेश के अनुरूप अपनी सामर्थ्य का पूर्ण दोहन करना भी आवश्यक है। जैसा जिसके भाव, उसे उसी की भाषा में उत्तर दो। अपने अधिकार के लिए संघर्ष करने का साहस संजोए रखो।
अति झुकना और मौन सहते रहना भी उचित नहीं। अच्छाई के आवरण में अधर्म को देखते रहना, अधर्म की मौन स्वीकृति है। कपट, छल और चातुर्य के खेल को पहचानने की दृष्टि विकसित करो, अन्यथा तुम्हारी निश्छलता ही उपहास का विषय बन जाएगी।…स्वयं को निर्बल, विवश और दीन मत मानो। जैसा तुम स्वयं को देखोगे, मन उसी प्रतिबिंब को सत्य मान लेगा। महान बनने की अभिलाषा मत रखो, केवल श्रेष्ठ कर्म करते चलो।
अंतर्मन में झाँको! जहाँ अन्याय हो, जहाँ झूठ का साम्राज्य हो, जहाँ अत्याचार और शोषण का नृत्य हो, वहाँ तुम ज्वाला हो, तुममें तूफान है, तुम स्वयं आँधी हो। जो तुम्हें अकारण पीड़ा दें, अश्रु बहाएं, पराजित करने का प्रयास करें, तुम्हारी निर्बलता पर प्रहार करें, वहाँ नेत्रों में अंगारा धारण करो और सामना करो। जब स्वार्थ में लोग मर्यादा भूल जाएं, तो उन्हें करारा उत्तर देना भी धर्म है। यह संसार षड्यंत्रों से बुना है, प्रत्येक पर आँख बंद कर विश्वास मत करो।
जिस दिन तुम सत्य के लिए निर्भय खड़े होना सीख जाओगे, उसी दिन साहस का दृढ़ शस्त्र तुम्हारे हाथ लगेगा। आज झूठ की भीड़ में सत्य अकेला पड़ गया है। पर जो अपनी भूमि पर अडिग हैं, जो न्याय के पक्ष में खड़े हैं, उनकी पराजय असंभव है। जीवन के प्रत्येक चरण में कष्ट हैं, इसका अर्थ यह नहीं कि उल्लास त्याग दो। जीना सीखो। चिंता के बोझ तले अपनी शक्ति मत गँवाओ।
हृदय से अनुभव करो प्रेम, स्नेह, अपनत्व, करुणा, क्षमा, सहयोग, मैत्री और आत्मीयता को। इन्हें अपनी चेतना की गहराइयों में प्रवाहित होने दो। यदि शांति चाहते हो, तो घृणा का त्याग करो। प्रतिशोध, ईर्ष्या और क्रोध से लाभ नहीं, केवल हानि है। जब भी व्याकुलता घेर ले, तो स्वयं से पूछो: क्या तुम्हारी चिंता प्राण से बड़ी है? श्वास अब भी चल रही है, इससे बड़ा वरदान क्या?
अपनी आकांक्षाओं को पूर्ण करने का यत्न करते रहो। अत्यधिक सोच, निरर्थक कल्पना, दूसरों के जीवन में हस्तक्षेप और अंधविश्वास तुम्हें वर्तमान के आनंद से वंचित कर देंगे…ऐसे कर्म करो कि तुम्हारा आचरण, व्यवहार और कौशल सराहे जाएं। स्वयं को इतना उलझाओ मत कि अपने प्रियजन, मित्र और सगे-संबंधी तुम्हारे पास से निकल जाएं।…काल तीव्र गति से प्रवाहित है, प्रत्येक क्षण में जीवन स्पंदित है। नवीन उत्साह के साथ प्रत्येक दुख से ऊपर उठो। किसी को गिराने में ऊर्जा मत लगाओ। शांत और सरल रहो। किसी से तुलना मत करो, तुम जैसे हो, वैसे ही अनमोल हो।
तुच्छ बातों पर कभी म्लान मत होओ। व्यस्तता के मध्य अपने लिए समय निकालो। जो प्रिय है, उसे अवश्य करो। बिना खिलकर हँसे-मुस्कुराए दिन मत बीतने दो। मौन होकर जीवन मत काटो, इसे स्मरणीय बनाओ। इस यात्रा का आनंद लो। हर मिलनसार व्यक्ति को अपने सुख-दुख का सहभागी मत मानो। लोगों की नीयत, आचरण और विचार को समझने का प्रयत्न करो। कुछ साथ चलकर भी पीठ में छुरा भोंकते हैं। भीतर दाह और मुख पर माधुर्य रखते हैं। अपनी विवेक-बुद्धि से कार्य करो। जो तुम्हें छलें, झूठ बोलें, तुम्हारी भावनाओं और सरलता का मोल न समझें, उन्हें निस्संकोच त्याग दो। ऐसे लोगों की ओर पीछे मुड़कर मत देखो। अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते चलो।
अविरल कर्म करते बढ़े चलो, स्वयं के मन को निर्मल रखें, और प्रत्येक क्षण को मुस्कुराकर जिएं। क्योंकि जो आज नहीं जिया, वो कल केवल याद बनकर रह जाएगा।
━━━━━━━━━━━━━━━







